अन्य

हम सभी अपने संविधान के मार्ग-निर्देशों का पालन और देश को मजबूत करें- मण्डलायुक्त

आगरा , गणतन्त्र दिवस पूरे जनपद में हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। जनपद के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक एवं देश भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मण्डलायुक्त अमित गुप्ता द्वारा कमिश्नरी में झण्डारोहण किया गया एवं कमिश्नरी के अधिकारियों/कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को संविधान प्रस्तावना की संकल्प दिलाया गया। जिलाधिकारी प्रभु एन0 सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट प्रांगण में झण्डारोहण किया गया तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारियों/कर्मचारियों को संविधान प्रस्तावना की संकल्प दिलाया गया।
मण्डलायुक्त ने आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब हमारा स्वतंत्रता संग्राम चल रहा था, तो जितना महत्वपूर्ण जल्द से जल्द स्वतंत्रता प्राप्त करना था, उतना ही महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना था कि कैसी शासन व्यवस्था, कैसा लोकतंत्र एवं कैसा देश अपने देशवासियों के लिए बनायेंगे। यही कारण था कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, स्वतंत्रता सेनानियों ने इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि किन तौर-तरीकों से स्वतंत्रता प्राप्त करें, जिससे उसी के आधार पर हम उतने ही अच्छे से शासन व्यवस्था चलायेंगे और देश को विकास की ओर अग्रसर करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर हम उन देशों को देखें जो हमारे देश के आस-पास ही स्वतंत्र हुए हैं तो हम निश्चित रूप से गर्व के साथ कह सकते हैं कि हमारा संविधान एवं हमारा लोकतंत्र कितना मजबूत है। लोकतांत्रिंक व्यवस्था के आधार पर हम लोगो ने उन्नति की है तथा लोकतांत्रिंक मूल्यों को संरक्षित रखा है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में यही लिखा है कि हमारे संविधान के क्या उद्देश्य हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रशासनिक सेवा में है या शासकीय सेवा में है तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े हैं, हम लोगो का ध्येय होना चाहिए कि प्रतिष्ठा और अवसर की समता सबको मिले, इसके लिए माहौल उत्पन्न करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लोगों को सभी व्यक्तियों का सम्मान करना चाहिए। हमारे मन में छोटे-बड़े की भावना कभी नहीं होनी चाहिए। यही संविधान का उद्देश्य भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने संविधान के मार्ग-निर्देशों का पालन करना चाहिए और देश को मजबूत करें।