जीवन शैली

स्वास्थ्य मंच पर  किशोरों का हुआ चेक-अप 

आगरा।किशोर और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्री बनी सिंह इंटर कॉलेज में किशोर स्वास्थ्य मंच का आयोजन किया गया। इसमें 120 से अधिक किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना के साथ की गई। इसके बाद सभी किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। डॉ. ब्रह्मवीर ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। किशोर-किशोरियों की लम्बाई नापी गयी और वजन को मापा गया ।उन्हें आयरन और कैल्शियम की दवा दी गईं।
डॉ. ब्रह्मवीर ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में बच्चों में तनाव, आंखों में परेशानी, पेट दर्द और खून की कमी की समस्या देखने को मिली है।
जिला अस्पताल महिला अस्पताल की परामर्शदाता रूबी बघेल ने किशोर-किशोरियों को मेंटल हेल्थ के बारे में जानकारी दी और तनाव को दूर करने के टिप्स दिए। जिला अस्पताल के परामर्शदाता अरविंद कुमार ने किशोर-किशोरियों को खून की कमी की पहचान करने और उसे दूर करने के उपाय बताए. उन्होंने संतुलित आहार में भोजन लेने और खाने में हरी सब्जियों को शामिल करने लिए कहा।
कार्यक्रम के अंत में किशोर-किशोरियों को साथिया केंद्र से काउंसलिंग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर किशोर-किशोरियों को किशोरावस्था में हो रहे शारीरिक बदलाव के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को जागरूक भी किया गया।  स्कूल के प्रधानाचार्य श्री नारायन सिंह ने स्वास्थ्य विभाग का धन्यवाद किया।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा.आरके अग्निहोत्री ने बताया कि विद्यालयों में होने वाले स्वास्थ्य मंच में कोविड प्रोटोकाल का पूरा ध्यान रखते हुए कार्यक्रम किया गया हैं साथ ही स्वास्थ्य मंच के दौरान यौन प्रजनन, एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी दी गई। मानसिक स्वाथ्य से संबंधित पेटिंग, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी कराई गई ।