अन्य

रमज़ान में रोज़ा रखकर कोविड के मरीजों की सेवा में जुटे शाहरूख़

आगरा, धर्म के साथ-साथ शाहरूख अपना पेशेगत धर्म भी बखूबी निभा रहे हैं। वह इन दिनों सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में मरीजों की सेवा में लगे हुए हैं। इसके साथ ही उनके इन दिनों रोजा भी चल रहे हैं। इन दिनों वह अपने परंपरागत धर्म और पेशेवर धर्म दोनों को साथ में निभा रहे हैं।
शाहरूख बताते हैं कि वह पेशें से एक वार्ड ब्वॉय हैं और इन दिनों उनकी ड्यूटी कोविड वार्ड में लगी हुई है। वह सुबह दस बजे अपनी ड्यूटी पर वार्ड में जाते हैं, इसके बाद नये मरीजों को एडमिट कराना, पुराने मरीजों को शिफ्ट करने के साथ-साथ मरीजों को खाना खिलाना और उनकी देखभाल करना इत्यादि कार्य करते हैं। वह बताते हैं कि कई मरीज तो ऐसे होते हैं जो हिल-डुल भी नहीं सकते हैं। उन्हें भी वह संभालते हैं।
गर्मी के इन दिनों में पीपीई किट पहनकर छह घंटे लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है। इस दौरान लगातार पसीना निकलता रहता है। रोजा भी चल रहा है। इस कारण पानी भी नहीं पी सकते हैं। शाहरुख बताते हैं कि रात को ढाई बजे उठकर वह सहरी करते हैं, इसके बाद नमाज पढ़ने के बाद फिर सो जाते हैं। सुबह सात बजे उठकर फिर से अपनी ड्यूटी के लिए तैयार होते हैं। शाम को ड्यूटी करने के बाद इफ्तारी करते हैं। वह कहते हैं कि मुझे खुद पर गर्व है कि रमजान के मुकद्दस दिनों में मुझे इतने लोगों की सेवा करने का मौका मिल रहा है।