देश विदेशहिंदी

एक महिला के तीन पति ,मामला पहुंचा कोतवाली

जालौन/उरई (DVNA)। एक महिला ने तीन शादियां कर लीं। पहला पति तो काफी समय पूर्व ही अलग हो गया। वर्तमान में महिला दो पतियों के साथ अलग अलग रह रही थी। यह बात जब उनके पतियों को पता चली तो दोनों के बीच महिला को अपने साथ रखने को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद मामला कोतवाली पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार को कोतवाली में एक अलग ही तरह का मामला सामने आया। फतेहपुर जनपद के खागा के रहने वाली महिला लक्ष्मी उर्फ सावित्री की शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व सूरत में काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ हुई थी। किसी कारणवश दोनों के बीच अनबन होने पर दोनों के बीच संबंध विच्छेद हो गए और महिला अपने मायके आकर रहने लगी। इसके बाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी दुबे निवासी बरजोर उसके संपर्क में आए। दोनों के बीच जब शादी की बात चली तो महिला ने अपना एक बच्चा होने की बात कही जिसके लिए बरजोर ने 90 हजार रुपये महिला को दे दिए। जिसके बाद महिला ने उससे सावित्री नाम से कोर्ट मैरिज कर ली। कुछ माह रहने के बाद वह मायके जाने की बात कहकर गांव से अपने घर चली गई। वहीं मध्यप्रदेश के दबोह थाना क्षेत्र के ग्राम गोरा निवासी ध्यानेंद्र के किसी परिचित ने उसकी शादी सावित्री उर्फ लक्ष्मी से कराने की बात कही। जिसमें उसने बताया कि लक्ष्मी का परिवार गरीब है। पहले पति ने उसे छोड़ दिया है। जिसके एक बच्चा भी है। वह उनकी शादी करा देगा लेकिन उसे कुछ रुपये परिवार के लोगों को देना होंगे। जिसके बाद ध्यानेंद्र ने लगभग ढाई लाख रुपये कर्जा लेकर एकत्रित किए और महिला को दे दिए। जिसके बाद महिला ने लक्ष्मी नाम से ध्यानेंद्र के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। इस दौरान महिला लगभग एक साल तक बारी बारी से दोनों पतियों के साथ रही और इसके बारे में उनके पतियों को भनक तक नहीं लगी। हाल ही में महिला अकोढ़ी दुबे में थी जिसका पता ध्यानेंद्र को लग गया। जब वह उसे लेने के लिए गांव पहुंचा तो दोनों ही उसे अपनी पत्नी बताने लगे। काफी बहस होने पर इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस महिला समेत दोनों पतियों को कोतवाली ले आई। जहां उनसे पूछतांछ चल रही है। उक्त संदर्भ में पुलिस ने बताया कि कोर्ट मैरिज के सर्टिफिकेट मंगवाए गए हैं। पूछतांछ व जांच के बाद जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।

Auto Fetched by DVNA Services

Comment here