देश विदेशहिंदी

चाइनीज मांझे ने ली युवक की जान, पत्नी के साथ बाइक से लौट रहा था घर

प्रयागराज (DVNA)। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से कल सायं पत्नी के साथ घर लौट रहे युवक नस कटने से घायल हो गया जिसकी आज गुरूवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थानान्तर्गत पत्रिका मार्ग पर होमगार्ड कार्यालय के समीप रहने वाले तीरथ नाथ (38) पुत्र स्व.बृजलाल प्राइवेट काम करता था। उसी से पत्नी मालती देवी (32), दो बेटों ऋषभ (17) व रौनक (14) तथा बेटी मानसी (10) का भरण पोषण करता था। वह घर का इकलौता कमाने वाला था। कल बुधवार सायं वह अपनी पत्नी मालती को लेकर यमुनापार घूरपुर गया था। रात में बाइक से दोनों वापस लौट रहे थे। 7.30 बजे के करीब नए यमुना पुल पर कीडगंज साइड में स्थित रेलवे क्रासिंग के करीब पहुंचे तभी पतंग का मांझा आकर उनके गले में फंस गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान पीछे बैठी उनकी पत्नी मालती देवी भी घायल हो गई।
तीरथ नाथ का गला मांझे से काफी ज्यादा कट चुका था जिससे काफी खून निकल रहा था। पुल पर से गुजर रहे अन्य लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दम्पत्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। जहां उपचार के दौरान आज गुरुवार को तीरथ नाथ की मौत हो गई। उनकी पत्नी अभी इलाजरत है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि शहर में चाइनीज मांझे की वजह से आये दिन हादसे होते रहते हैं। खासकर नए यमुना पुल पर इस तरह के ज्यादा हादसे होते है। सरकार ने चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाया हुआ है इसके बावजूद दुकानों पर चोरी चुपके मांझे की बिक्री की जाती है। थाना प्रभारी कीडगंज सुनील वाजपेयी ने बताया कि चाइनीज मांझे की वजह से बाइक सवार युवक का गला कट गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान बच नहीं पाई।

Auto Fetched by DVNA Services

Comment here