अन्य

शहर के बीचों-बीच किया जा रहा है ग्रीन एरिया विकसित

अजमेर के किले के सौन्दर्यकरण एवं रिनोवेशन से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा

अज़मेर । स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शुक्रवार को अजमेर के किले में वृक्षारोपण किया गया। जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि शहर के बीचों-बीच प्लांटेशन कर ग्रीन एरिया विकसित किया जा रहा है। पेड़ हमें जीवन दायिनी प्राण वायु देते हैं। चारों ओर हरियाली होने से आस पास का वातावरण भी शुद्ध होता है। उन्होंने कहा कि यहां पर पार्किंग बनने के बाद मुख्य बाजारों में जाम से निजाद मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। यहां पर बनने वाले दो पहिया पार्किंग में 500 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
नगर निगम के उपमहापौर श्री नीरज जैन ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अजमेर के किले का सौन्दर्यकरण एवं रिनोवेशन किया गया है। जिससे किले की सुन्दरता देखते ही बन रही है। आने वाले समय में यह स्थान पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि आनासागर, सुभाष उद्यान और महाराणा प्रताप नगर देखने के लिए पर्यटक अजमेर आते हैं। अब म्यूजियम को भी देखने के लिए पर्यटक आएंगे। स्थानीय पार्षद श्री अशोक मुदगल ने कहा कि मुख्य बाजार में पार्किंग की सौगात मिलने जा रही है। राजकीय संग्राहलय के वृत्त अधीक्षक श्री नीरज त्रिपाठी ने यहां पर ग्रीन एरिया डवलप किया गया है, जो स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। अजमेर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष श्री किशन गुप्ता ने कहा कि मुख्य बाजार में लंबे समय से पार्किंग की मांग थी, जो पूरी होने जा रही है। यहां पर दो पहिया वाहन पार्किंग स्थल बनने से नया बाजार और आगरा गेट के लिए वरदान साबित होगा। अजमेर सर्राफा संघ के अध्यक्ष अशोक बिंदल ने स्मार्ट सिटी कार्यों की सरहाना करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए संघ का सहयोग सदैव प्रशासन के साथ रहेगा। दीपक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में अजमेर का किला कला और संस्कृति का केंद्र बनेगा।
अस्तबल के सामने लगाए 50 वृक्ष
अजमेर के किले में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के उपमहापौर श्री नीरज जैन, जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित, नगर निगम आयुक्त एवं अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. खुशाल यादव, एडीए आयुक्त श्री अक्षय गोदारा, एडीए सचिव श्री किशोर कुमार, अजमेर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष श्री किशन गुप्ता, अजमेर सर्राफा संघ के अध्यक्ष अशोक बिन्दल, नया बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश बिन्दल, अजमेर शहर व्यापार महासंघ के प्रवक्ता श्री कमल गंगवाल सहित अन्य व्यापारियों ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान पांच वर्षीय अंशू शर्मा ने अशोक का वृक्ष लगाया।
प्रोजेक्ट एक नजर …
अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में धरोहर संरक्षण के तहत ऐतिहासिक धरोहर अजमेर के किले का स्वरूप निखर कर सामने आया है। 4.04 करोड़ की लागत से किले के भीतर एवं बाहर विभिन्न कार्य किये गए हैं। उल्लेखनीय है कि किले में दीवाने खास और परकोटे की मरम्मत के कार्य के लिए लाइम सुर्खा मसाले में गुगल, मैथी का उपयोग किया गया है। किले की चार दीवारी एवं रख रखाव के साथ चूने की मदद से दीवारों के पुराने स्वरूप को बरकरार रखा गया है। किले के एक हिस्से में 12 अस्तबल के रिनोवेशन किया गया है।
पर्यटकों के लिए आकर्षक का केंद्र होगा किला
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में किले की भी कायाकल्प की गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किले के पीछे हिस्से में लैंड स्कैपिंग की जाएगी। यहां पर घास के साथ पेड लगाए जाएंगे। लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। किला भ्रमण के लिए आने वाले देशी विदेशी पर्यटक लैंड स्कैपिंग का लुत्फ उठा सकेंगे।
चार पहिया वाहनों के पार्किंग की सुविधा
खाईलैंड मार्केट की तरफ चार पहिया वाहन पार्किंग निर्माण किया गया है। यातायात कार्यालय के सामने खाईलैंड पार्किंग में 100 चार पहिया एवं 50 दो पहिया वाहनों को पार्क किए जा रहे हैं। शहर के मुख्य बाजार में चार पहिया वाहन पार्किंग मिलने से मुख्य बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को पार्किंग का लाभ मिल रहा है।

संवाद , मोहम्मद नज़ीर क़ादरी