अन्य

3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो की दरें तय

30 रूपए वयस्क और 3 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट होगा 10 रूपए

अज़मेर । किंग एडवर्ड मेमोरियल ( केईएम ) रेस्ट हाऊस सोसायटी ने 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो के लिए टिकट के लिए दरें निर्धारत कर दी हैं। शो देखने आने वाले लोगों को वाहन पार्किंग की सुविधा प्रदान की गई है। वाहन चालकों को अपने वाहन पार्क करने के लिए प्रतिघंटा वाहन पार्क का शुल्क आदा करना होगा। यह नई व्यवस्था शीघ्र ही लागू की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में शहरवासियों को निशुल्क शो दिखाया जा रहा है।
केईएम सोसाइटी द्वारा पिछले दिनों निविदा जारी की गई थी। सरकारी बोली 9 लाख रूपए से आरंभ की गई थी। सर्वाधिक 11 लाख 51 हजार 129 रूपए की बोली लगाकर मैसर्स संजीवनी एंटरप्राइजेज ने ठेका अपने नाम करवाया। निविदा की तय शर्तों के अनुसार वयस्क व्यक्ति का टिकट 30 रूपए एवं 3 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 10 रूपए निर्धारित किया है। 3 साल से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। इसी प्रकार वाहन पार्किंग की दरें भी तय कर दी गई है। पार्किंग में खड़े किए गए वाहनों से प्रति घंटा शुल्क वसूला जाएगा। चार पहिया वाहन के लिए 25 और दो पहिया वाहन के लिए 10 रूपए प्रति घंटा शुल्क होगा। पार्किंग में बड़े वाहन जैसे बसें – ट्रक इत्यादि को पार्क नहीं किया जा सकेगा। ठेकेदार को मौके पर नोटिस बोर्ड लगाकर तय शर्तों का उल्लेख करना होगा। कार्य स्थल पर साफ सफाई की व्यवस्था, पानी लाइटें व वाहनों की सुरक्षा आदि कार्य फर्म को करने होंगे।
यह रहेगा शो का समय
3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का समय भी तय कर दिया गया है। ग्रीष्मकाल में हिन्दी शो के लिए सायं 8 से 8.25 बजे एवं अंग्रेजी में शो के लिए सायं 9 से 9.25 बजे रहेगा। इसी प्रकार शीतकाल में हिन्दी शो के लिए सायं 7.30 से 7.55 बजे एवं अंग्रेजी में शो के लिए सायं 8.20 से 8.45 बजे रहेगा। सप्ताह के समस्त दिनों में शो चालू रहेगा।
प्रोजेक्ट एक नजर…
3 – डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का आयोजन किंग एडवर्ड मेमोरियल ( केईएम ) में किया जा रहा है। केईएम सोसायटी द्वारा शो का संचालन किया जाएगा। शो के माध्यम से अजमेर के इतिहास, कला एवं संस्कृति से रू-ब-रू कराया जा रहा है। अत्याधुनिक तकनीक से 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो को तैयार किया गया है। यह उस तकनीक पर आधारित है जो एक इमारत या संरचना को सतह के रूप में बदल देती है। जबकि यह पूरी तरह से सिर्फ प्रकाश होता है। निर्धारित संरचना पर शो की थीम के साथ चमकदार छवियों के बीच संबंधित इमारत, व्यक्ति या स्थलों को प्रकाश द्वारा आकर्षक तरीके से दर्शाया जाता है और ऑडियो द्वारा उसका पूरा विवरण सुनाई देता है। इस प्रकार के शो के माध्यम से अजमेर के इतिहास, वर्तमान में इसकी विशेषताएं एवं भविष्य के सपनें दर्शाते हुए शो तैयार किया गया है।
अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में शो
मैसर्स सीएस डायरेक्ट नई दिल्ली द्वारा नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एवं लाइब्रेरी नई दिल्ली के म्यूजियम एंड प्राइम मिनिस्टर नाम से इसी प्रकार के शो आयोजित किए जा रहे हैं। 3 – डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो में अजमेर का इतिहास, वर्तमान एवं भविष्य की परिकल्पनाओं का चित्रण किया गया है। यह शो हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं में तैयार किया गया है।
संवाद , मोहम्मद नज़ीर क़ादरी