अपराध

सट्टे से रोका तो पति व जेठ करते हैं मारपीट

कानपुर। बुराई पर अच्छाई की जीत वाले पर्व दशहरा पर बुराई को खत्म करने का प्रयास करने वाली एक महिला को पुलिस ने सहारा दिया। थाना रायपुरवा निवासी महिला पति की सट्टे की आदत छुड़ाना चाहती थी। लेकिन पति उससे मारपीट करता था। सूचना पर पहुंची एंटी डोमेस्टिक वायलेंस सेल ने प्रबल प्रतिक्रिया देकर महिला को राहत दी।
थाना रायपुरवा निवासी महिला का पति एक कपड़ामिल में काम करता है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीता है और सट्टा खेलता है। इससे उसके ऊपर काफी काफी कर्ज हो गया है। पति को जब ऐसा करने से रोकती हैं तब वह मारपीट करता है। यह उसका आए दिन का काम हो गया है। इसमें उसका जेठ भी उसका साथ देता है।
शुक्रवार को बुराई का अंत करने वाले पर्व दशहरा पर महिला ने इस घरेलू हिंसा और पति की सट्टे वाली आदत को खत्म करने की ठान ली और महिला ने 112 नम्बर पर कॉल कर दी। सूचना पर एंटी डोमेस्टिक वायलेंस सेल की टीम मौके पर प्रबल प्रतिक्रिया देने पहुंची तब पति और जेठ दोनों वहां से भाग निकले। इस पर पुलिस जेठानी व चचेरे देवर को अपने साथ थाने ले गई। तभी कुछ देर बाद जेठ थाना रायपुरवा पर हाजिर हो गया। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।