अन्य

शहर काज़ी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को दी जाए अनुमति

फीरोज़ाबाद| शहर काज़ी सैय्यद शाहनियाज़ अली ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस की अनुमति दिए जाने की माँग जिला प्रशासन से की है| शहर काज़ी ने बताया कि बतौर शहर काज़ी मैंने माननीय मुख्यमंत्री महोदय उत्तर प्रदेश शासन को भी इस सम्बंध में पत्राचार कर वर्तमान सामान्य परिस्थितियों को देखते हुए जनपद के साथ ही समस्त उत्तर प्रदेश में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की अनुमति (जहाँ-जहाँ परम्परागत रूप से जुलूस का आयोजन होता रहा है) दिए जाने हेतु आग्रह किया है| शहर काज़ी ने कहा कि वर्तमान सामान्य परिस्थियों में जिला प्रशासन को पूर्व की भाँति जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की अनुमती व व्यवस्थाओ (जहाँ-जहाँ परम्परागत रूप से जुलूस का आयोजन होता रहा है) सम्बंधी आदेश निर्गत करने चाहिये|

शहर काज़ी ने इस सम्बंध में मुख्यमंत्री महोदय को सम्बोधित अपने पत्र में अवगत कराते हुए कहा है कि मुस्लिम समाज के लिये बहुत ही खुशी व उत्साह वाला महिना इस्लामी माह रबि उल अव्वल होता है, जिसमें इस्लामी माह की 12 तारीख को हमारे प्यारे नबी-ए-करीम स.अ.व की यौमे विलादत (जिस दिन पैगम्बर हज़रत मुहम्मद साहब इस दुनिया में तशरीफ लाए/जन्मदिन) को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के रूप में बड़े ही खुशी के साथ मनाया जाता है, जोकि इस बार 19 अक्टूबर मंगलवार को जनपद के साथ ही उत्तर प्रदेश व पूरे मुल्क में जश्ने ईद मिलादुन्नबी मनाया जायेगा| वहीं 19 अक्टूबर 2021 मंगलवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पुर मुसर्रत मौके पर सदियो से तमाम आशिके रसूल जगह-जगह (परम्परागत रूप से) जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस भी आयोजित करते रहे हैं, (इस वर्ष भी जनपद फीरोज़ाबाद में शासन व प्रशासन द्वारा निर्गत आदेशों के अनुक्रम में ही समस्त आयोजन आयोजित किये जायेंगें) विगत वर्ष कोविड-19 जैसी आलमी वबा की वजह से सभी किस्म के त्यौहारों का सार्वजनिक तौर पर आयोजन नही किया जा सका तथा उत्तर प्रदेश की आवाम भी इस वबा से महफूज़ रहने के लिये हुकूमत के हर फैसले पर अडिग होकर काँधे से काँधा मिला कर खड़ी रही| परन्तु वर्तमान सामान्य परिस्थितियों में शासन द्वारा पिछले दिनों शादी-विवाह के आयोजनो हेतु खुले परिसरों पर से लोगो की संख्या सम्बंधी बंदिशे समाप्त कर दी गई तथा अन्य किस्म की छूट देकर उत्तर प्रदेश की आवाम को राहत पहुचाने का काम हुकूमत ने किया है| इसी क्रम में आपसे दरख्वास्त है कि वर्तमान सामान्य परिस्थितियों में जनपद फीरोज़ाबाद के साथ ही समस्त उत्तर प्रदेश में 19 अक्टूबर 2021 मंगलवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पुर मुसर्रत मौके पर जुलूस सम्बंधी (जहाँ-जहाँ परम्परागत रूप से जुलूस का आयोजन होता रहा है) अनुमती प्रदान की जावे|

शहर काज़ी ने शासन प्रशासन से उम्मीद ज़ाहिर करते हुए जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पुर मुसर्रत मौके पर जुलूस सम्बंधी जल्द ही आदेश जारी करने की माँग की है| शहर काज़ी ने कहा कि देखने में आ रहा है कि उत्तर प्रदेश में बहुत ही बड़े स्तर पर जगह-जगह सियासी रैलियाँ आयोजित की जा रही हैं, जब इतनी बड़ी भीड़ को अनुमती दी जा सकती है तो जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को अनुमती क्यों नही दी जा सकती|