राजनीति

एक करोड़ नौकरी के वादे के साथ रालोद का लोक संकल्प 2022 जारी

लखनऊ में राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी के मीडिया उद्बोधन से हुई समारोह की शुरुआत

लखनऊ/ आगरा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने सरदार पटेल जयंती पर अपने चुनावी घोषणा पत्र लोक संकल्प 2022 में सभी वर्गों का ध्यान रखा है। युवाओं को एक करोड़ रोजगार देने के वादे के साथ आगरा में आलू अनुसंधान केंद्र की स्थापना की भी घोषणा की गई।
 
रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता कवि पवन आगरी ने लखनऊ के रवींद्रालय भवन में सरदार पटेल जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मीडिया के स्वागत उद्बोधन में कहा कि आशीर्वाद पथ की रैलियों में घोषित 22 संकल्पों को चौधरी जयंत सिंह द्वारा अपने लोक संकल्प 2022 में समाहित किया गया है ।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने लोक संकल्प 2022 का लोकार्पण करते हुए कहा कि हमारी पार्टी सबसे पहले 4 माह पूर्व ही इस चुनावी घोषणा पत्र को जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार सत्ता में भागेदारी करती है तो हम किसानों, मजदूरों, गरीबों, महिलाओं, छात्रो-युवाओं और मजदूरों से लेकर वंचितों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सबल बनाएंगे। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने बताया कि आम जनता और लोक संकल्प समिति से रायशुमारी के बाद मिशन-22 के 22 संकल्प तैयार किए हैं, जिनकी घोषणा वो इस समारोह में कर रहे हैं। किसानों के लिए चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि सरकार में आने पर आलू किसानों को उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए MSP घोषित करेगी जो लागत के डेढ़ गुना मूल्य पर आधारित होगा। आलू आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे और आगरा में अत्याधुनिक आलू अनुसंधान केंद्र एवं आलू निर्यात जोन की स्थापना होगी । वृद्धावस्था पेंशन को 3 गुना बढ़ाने और प्राइवेट स्कूलों की फीस निर्धारित करना भी शामिल है। जिनसे जनता के हर वर्ग को लाभ मिलेगा और प्रदेश में एक समावेशी और सर्वांगीण विकासोन्मुखी सरकार अस्तित्व में आएगी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ मसूद अहमद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव द्वय त्रिलोक त्यागी एवं पूर्व सांसद मुंशीराम पाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वय पवन आगरी एवं पं. योगेश द्विवेदी, राष्ट्रीय मीडिया सैल संयोजक सुरेंद्र शर्मा, लोक संकल्प समिति के संयोजक डॉ यशवीर सिंह, सह संयोजक डॉ अजय कुमार सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे। संचालन प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र त्रिवेदी, अनिल दुबे एवं अनुपम मिश्रा ने किया।

आगरा से कार्यक्रम में पहुंचने वालों में जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर, प्रदेश सचिव मानव चौधरी, राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष ब्रजेश चाहर, पूर्व विधायक कालीचरण सुमन, जिला पंचायत सदस्य महेश कुमार जाटव, ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, किसान ब्रज प्रांत अध्यक्ष भूदेव सिंह आदि प्रमुख थे।