राजनीति

बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह के प्रयास हुए सफल

 

बटेश्वर एवं कल्याणपुर भरतार गांव के मध्य यमुना नदी पर बनेगा पान्टून पुल, लगभग साढ़े चार करोड़ रुपए हुए मंजूर, टेंडर जारी

पुल बनने से किसानों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मिलेगा लाभ

आगरा (डीवीएनए )। बाह की लोकप्रिय विधायक रानी पक्षालिका सिंह के अथक प्रयास से बटेश्वर एवं कल्याणपुर भरतार गाँव के मध्य पान्टून पुल का निर्माण कार्य कराया जाएगा। पुल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग को 4 करोड़ 54 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। इस निर्माण कार्य की आपूर्ति के लिए लोक निर्माण विभाग आगरा वृत्त के अधीक्षण अभियंता कार्यालय द्वारा टेंडर भी निकाल दिया गया है। प्रस्तावित सेतु के अपस्ट्रीम में 10 किलोमीटर की दूरी पर और डाउनस्ट्रीम में 12 किलोमीटर की दूरी पर आरसीसी सेतु निर्मित है।
विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि युगपुरुष पूर्व प्रधानमंत्री माननीय श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म स्थली बाह-बटेश्वर से जनपद को जोड़ने के लिए पीपों के पुल के निर्माण से किसानों की आर्थिक स्थिति पर अनुकूल प्रभाव पड़ेगा। पुल से धार्मिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। साथ ही, स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
संवाद , दानिश उमरी