अन्य

नए वर्ष में 774.65 करोड़ की लागत से 37 प्रोजेक्ट्स की मिलेगी सौगात

अजमेर को नए वर्ष 2022 में 774.65 करोड़ की लागत से 37 प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने जा रही है। विभिन्न प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के साथ ही केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना अजमेर में साकार रूप लेती नजर आने लगी है साथ ही धार्मिक नगरी अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।  जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री प्रकाश राजपुरोहित और नगर निगम आयुक्त एवं अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार द्वारा नियमित मॉनीटरिंग की वजह से प्रोजेक्ट्स आकार रूप लेने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में 74.86 करोड़ की लागत से 36 प्रोजेक्ट्स की सौगात मिल चुकी है।
वर्ष 2022 में ये प्रोजेक्ट्स होंगे पूर्ण  
एलीवेटेड रोड :-  252 करोड़ की लागत से 2.6 किमी लंबाई का एलीवेटेड रोड का कार्य प्रगतिरत है। वाई आकार का बनने वाला एलीवेटेड रोड फोर लेन मार्टिंडल ब्रिज से गांधी भवन और गांधी भवन से आगरा गेट तक होगा। इसी प्रकार टू लेन पुरानी आरपीएससी से गांधी भवनतक आगरा गेट से महावीर सर्किल तक बनाया जाएगा। एलीवेटेड रोड का काम पूरा होने के बाद शहर यातायात सुगम होगाा। आम दिनों में स्टेशन रोड और गांधी भवन पर भारी यातायात के चलते जाम के हालात उत्पन्न हो जाते हैं। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम के साथ-साथ वाहन चालकों को ट्रेफिक सिग्नल पर भी काफी देर खड़ा रहना पड़ता है। ट्रैफिक सिग्नलों पर चालू खड़े वाहनों से प्रदूषण भी फैलता है और आमजन को खासी परेशानी भी होती है। एलीवेटेड रोड के बनने के बाद आमजन को भारी राहत मिलेगी।
सीवरेज ( आनासागर जोन-सिटी जोन ) :- स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत आनासागर एवं सिटी जोन में सीवर लाइन डालने का कार्य प्रगतिरत है। आनासागर जोन में 45 किमी और सिटी जोन में 29 किमी सीवर लाइन डालने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन डाल दी गई हैं वहां पर प्रत्येक घर को सीवर लाइन से जोड़ा जा रहा है।
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स :- 42.95 करोड़ की लागत से पटेल मैदान में 2150 वर्ग गज क्षेत्रफल में जी प्लस थ्री स्पोट्स कॉम्पलैक्स का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इसमें 48 खिलाड़ियों के ठहरने की सुविधा होगी। यहां पर राष्ट्रीय मापदण्डों को ध्यान में  रखते हुए यहां पर स्वीमिंग पूल, फुटबॉल मैदान एवं का सिंथेटिक एथेलेटिक्स ट्रैक का कार्य प्रगतिरत है। मल्टीस्टोरी स्पोट्स कॉम्पलैक्स में कई तरह के इण्डोर गेम्स खेले जा सकेंगे। प्रमुख रूप से कबड्‌डी, बॉक्सिंग, जूड़ो, कुश्ती एवं जिम के खिलाड़यों को बेहतर सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। वहीं दूसरी ओर स्टेडियम के आधुनिकरण के दौरान बैडमिंटन हॉल का रिनोवेशन करते हुए इसका विस्तार किया जाएगा। इसी प्रकार लॉन टेनिस एवं बास्केटबॉल के दो – दो कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। वॉलीबाल का एक कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है।
जेएलएन मेडिसन ब्लॉक :- जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में मेडिसन ब्लॉक आकार लेने लगा है। 36.22 करोड़ रूपये की लागत से 21 सौ वर्ग मीटर एरिया में मेडिसन ब्लॉक का निर्माण प्रगतिरत है। 310 मेडिकल पलंगों का मेडिसन ब्लॉक में स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर और अग्निशामक यंत्र लगाए जाएंगे। ब्लॉक में ओपीडी सुविधा के साथ आउट डोर मरीजों के लिए वेटिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। यहां पर सात जनरल वार्ड होंगे, प्रत्येक वार्ड में 37 पलंग होंगे। 40 सुपर स्पेशियलिटी आईसीयू ब्लॉक के साथ-साथ सेमीनार हॉल एवं फैकल्टी चैम्बर्स की भी सुविधा होगी। मरीजों को नए ब्लॉक में कॉटेज वार्ड की सुविधांए मिलेंगी। 18 कॉटेज वार्ड का प्रावधान है। नया मेडिसन ब्लॉक बनने के बाद अजमेर सहित आस पास के जिलों से आने वाले मरीजों को एक ही छत के नीचे उच्च स्तरीय चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी। नए ब्लॉक में अंडरग्राउंड पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। है। इस पार्किंग में  65 दो पहिया एवं 26 चार पहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
कलेक्ट्रेट प्रशासनिक भवन :- कलेक्ट्रेट परिसर में 20.53 करोड़ रूपये की लागत से  प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। समस्त विभागों को एक ही छत के नीचे व्यवस्थित रूप से समायोजित किए जाने की कार्य योजना तैयार की गई है। नया भवन पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। भवन में फायर फाइटिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। यहां पर तीन वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम के साथ 170 लोगों के बैठने के लिए कांफ्रेंस हॉल बनाया जाना प्रस्तावित है। नये भवन में तीन लिफ्ट भी लगाई जाएगी। नए भवन में तहसील कार्यालय, अतिरिक्त जिला कलक्टर ( शहर ), सांसद कार्यालय, विभिन्न विभाग, एन.आई.सी. मीटिग हॉल, वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल, ट्रेफिक सिस्टम के लिए कमांड कंट्रोल रूम, होम गार्ड, डीएसओ ओर उपभोक्ता मंच आदि कार्यालय एक छत से नीचे संचालित होंगे। यहां पर सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। बेसमेंट पार्किंग में 40 चार पहिया वाहन और 125 दूपहिया वाहनों को पार्क किया जाएगा।
जेएलएन पीडिएट्रिक ब्लॉक :- अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 28.08 करोड़ की लागत से स्टिल्ट, ग्राउंड फ्लोर प्लस 4 इमारत का 7026 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण कार्य प्रगतिरत है। नवनिर्मित पीडिएट्रिक ब्लॉक में 244 पलंगों की क्षमता का भवन बनाया जा रहा है। प्रथम तल पर पीआईसीयू 35 पलंगों की क्षमता, द्वितीय तल एसएनसीयू 70 पलंगों की क्षमता का एवं तृतीय तल एनआईसीयू 56 पलंगों की क्षमता का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। नया पिडिएट्रिक ब्लॉक पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। पीडिएट्रिक ब्लॉक में बनने वाली मल्टिलेवल पार्किंग का निर्माण के लिए प्लिंथ एरिया 1407 वर्ग मीटर है। पार्किंग में 91 वाहन फोर व्हीलर एवं 592 वाहन टू व्हीलर पार्क किए जा सकेंगे।
शहर की प्रमुख सड़कें :- अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत महानगरों की तर्ज पर शहर की प्रमुख पांच सड़कों को चौड़ीकरण का कार्य प्रगतिरत है। 58.83 करोड़ की लागत से कार्य प्रगतिरत है।17.59 करोड़ की लागत से  आनासागर सर्क्यूलर रोड, 23.49 करोड़ की लागत से जयपुर रोड ( एमडीएस तिराहा से अंबेडकर सर्किल तक 4 लेन से 6 लेन करना ), 10.31 करोड़ की लागत से वैशाली नगर स्थित चारण शोध सस्थान से भैंरूवाड़ा माकड़वाली रोड, 4.43 करोड़ की लागत से वैशाली नगर पेट्रोल पंप के पीछे और 3.01 करोड़ की लागत से शास्त्रीनगर पुलिस चौकी से जवाहर रंगमंच, बजरंगगढ़ सर्किल, पुरानी चौपाटी, सावित्री स्कूल होते हुए अंबेडकर सर्किल तक रिकारपेटिंग व सड़क के दोनों किनारों पर इंटरलॉकिंग ब्लॉक का कार्य किया जा रहा है।
आनासागर एस्कैप चैनल :- स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 16.92 करोड़ की लागत से आनासागर एस्कैप चैनल की मरम्मत एवमं सुदृणीकरण किया जा रहा है। नाले की क्षतिग्रस्त दीवारों का पुन: निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत करीब 5 किलोमीटर लंबाई  में आठ कलवर्ट बनाई जाएंगी।  एस्केप चैनल की सफाई के लिए वर्तमान में सफाई के दौरान जगह-जगह से दीवारों को तोड़ा जाता है एवं वहां से पोकलेन मशीन नाले में उतारी जाती है हर वर्ष दीवार को पुनः बनाने में करीब एक करोड़ रुपए खर्च  होते  है इस समस्या के समाधान के लिए इस 5 किलोमीटर लंबाई में 10 स्थानों पर रैंप का निर्माण किया जाएगा इस रैंप के माध्यम से हाइड्रोलिक क्रॉलर मशीन जो स्मार्ट सिटी द्वारा नगर निगम को उपलब्ध कराई गई है वह आसानी से उतर सकेगी एवं नाले की सफाई सुगमता से हो सकेगी एवं दीवारों को बार-बार नहीं तोड़ना पड़ेगा। एस्कैप चैनल पर 18 मीटर स्पान के पांच कलवर्ट का प्रावधान रखा गया है। प्रमुख रूप से नगरा क्षेत्र एवं पटेल नगर में दो-दो और ब्रह्मपुरी में एक कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा। कलवर्ट के रिटेनिंग वॉल पर सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल के साथ रैलिंग का प्रावधान रखा गया है।
पाथ वे पुरानी विश्राम स्थली से ऋषि उद्यान :- अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 13.61 करोड़ की लागत से पुरानी विश्राम स्थली से ऋषि उद्यान तक 1834 मीटर लंबाई का प्राथ वे का कार्य प्रगतिरत है। उल्लेखनीय है कि आनासागर झील के चारों ओर एफटीएल के स्तर पर झील की परिधि की कुल लंबाई 10363 मीटर है। जिसमें से 3937 मीटर लंबाई में पूर्व में ही पाथ वे निर्मित है। अजमेर स्मार्ट सिटी द्वारा शेष 6426 मीटर लम्बाई में कुल चार भागों में पाथ वे का निर्माण प्रस्तावित किया गया। जिसमें से एक भाग में आनासागर एसटीपी से पुष्कर रोड विश्राम स्थली तक लगभग 1300 मीटर लम्बाई में पाथ वे का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है एवं तीन भागों में से प्रथम भाग में 870 मीटर लम्बाई का शिव मंदिर से सागर विहार तक पाथ वे बनकर तैयार हो गया है। इसी प्रकार सागर विहार से रीजनल कॉलेज तक द्वितीय पाथ वे भी बनकर तैयार हो गया है।
लिगेसी वेस्ट:- माखुपुरा ट्रेंचिंग ग्राउंड पर 3 लाख 60 हजार टन कचरा साफ करने हेतु प्लांट लगाया गया है। जून 2022 तक इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। शहर में लगभग 250 टन कचरा प्रतिदिन उत्पन्न हो रहा है और उसे ट्रेंचिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है। लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड पर टोमल मशीन लगाई गई है। मशीन की मदद से कचरे को अलग-अलग किया जा रहा है।
सेवन वंडर पार्क:- अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को जल्द ही 7 अजूबों की सौगात मिलने जा रही है। अप्रेल 2022 तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 वंडर का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। वैशाली नगर स्थित महेश्वरी पब्लिक स्कूल के सामने 8.95 करोड़ की लागत से लगभग 1 हेक्टेयर भूखण्ड इसका निर्माण आनासागर के किनारे किया जा रहा है।
जेएलएन आइसोलेशन ब्लॉक:- जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में 6.78 करोड़ की लागत से आइसोलेशन वार्ड निर्माण कार्य कार्य प्रगतिरत है। मार्च 2022 तक वार्ड का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। उल्लेखनीय है वर्तमान में आइसोलेशन वार्ड में 30 पलंग है। नए वार्ड के बनने के बाद पलंगों की संख्या 100 हो जाएगी। पुराने आइसोलेशन वार्ड के पास ही 800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जी प्लस थ्री आइसोलेशन वार्ड का निर्माण किया जा रहा है। नये परिसर में ग्राउंड फ्लोर, सैकंड फ्लोर और थर्ड फ्लोर पर वार्ड का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में 24-24 पलंगों का प्रावधान होगा। प्रत्येक फ्लोर पर टॉयलेट ब्लॉक बनाए जाएंगे। फर्स्ट फ्लोर पर ऑपरेशन थियेटर और 6 स्पेशल वार्ड अटैच लेट-बाथ की सुविधा होगी। नये भवन में दो लिफ्ट का प्रवधान रखा गया है।
गांधी स्मृति उद्यान :- अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा हरिभाऊ उपाध्याय नगर ( विस्तार ) में गांधी स्मृति उद्यान आकार लेने लगा है। उद्यान में ओपन एयर थियेटर बनकर तैयार हो गया है। यहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की कांस्य प्रतिमा एवं गांधी जी के संदेश देने वाले तीन बंदर लग गए हैं। हरिभाऊ उपाध्याय नगर ( विस्तार ) में 14 हजार 600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में उद्यान का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यहां पर पैरामैट्रिक डिजाइन का आधुनिक भवन जिसमें प्रदार्शनी इन्टरप्रिटेशन सेंटर, लाइब्रेरी एवं कैफेटेरिया की सुविधाएं होंगी। उद्यान में महात्मा गांधी जी के जीवन चरित्र से जुड़ी स्टेच्यू के साथ डांडी यात्रा का चित्रण किया जाएगा। उद्यान में चरखा चलाते, चरण पादूका एवं तीन बंदर पर्यटकों के लिए आकर्षक का केंद्र होंगे। ऊंचाई से देखने पर गांधी जी की आकृति नजर आएगी।
जेएलएन पीजी गर्ल्स होस्टल :- जेएलएन मेडिकल कॉलेज छात्राओं के लिए 6.16 करोड़ रूपये लागत से पीजी गर्ल्स होस्टल का निर्माण प्रगतिरत है। पीजी गर्ल्स होस्टल 950 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जी प्लस थ्री भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक फ्लोर पर 20-20 कमरों का निर्माण किया जाएगा। हॉस्टल का नया  बनने वाला भवन भूकंप प्रतिरोधी आरसीसी स्ट्रेक्चर पर तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक कमरे में बालकॉनी एवं पैन्टरी की सुविधा होगी एक कमरे में दो छात्राओं के रहने की सुविधा होगी। पहले चरण में 60 कमरों का निर्माण करवाया जाएगा।
मोनिया पार्किंग :- स्टेशन रोड स्थित मोनिया इस्लामिया स्कूल के मैदान में नवनिर्मित अंडरग्राउंड पार्किंग का कार्य प्रगतिरत है। स्कूल के मैदान में 2500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अंडर ग्राउंड पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। पार्किंग में 144 वाहनों को पार्क होंगे। जिसमें 72 चार पहिया एवं 55 दो पहिया वाहन पार्क होंगे। इसी प्रकार 17 चार पहिया वाहन खुले में पार्क किए जा सकेंगे।
आर्ट गैलरी सूचना केंद्र :- सूचना केंद्र में इन्क्यूवेशन सेंटर और आर्ट गैलरी का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मार्च 2022 में यह प्रोजेक्ट पूर्ण होने की संभावना है। 3.85 करोड़ रूपये की लागत से स्टार्टअप व्यवसाय को विकसित करने के लिए इन्क्यूवेशन सेंटर और कलाकरों के लिए जी प्लस टू इन्क्यूवेशन सेंटर एवं आर्ट गैलरी निर्माण किया जा रहा है।
अजमेर का किला :- अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में धरोहर संरक्षण के तहत ऐतिहासिक धरोहर अकबर के किले के रिनोवेशन एवं ब्यूटीफिकेशन, पार्किंग,  रूफ और वॉल रेस्टोरशन का कार्य प्रगतिरत है। 3.29 करोड़ की लागत से किले के भीतर एवं बाहर विभिन्न कार्य किये जा रहे हैं। किले के पीछे हिस्से में लैंड स्कैपिंग का कार्य प्रगतिरत है। यहां पर घास के साथ पेड लगाए जाएंगे। किले का भ्रमण करने आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। ऐतिहासिक अजमेर के किले के पुराने स्वरूप को बरकरार रखा गया है।
                इसी प्रकार किंग एडवर्ड मेमोरियल में 3.77 करोड़ की लागत से रिनोवेशन, 5.62 करोड़ की लागत से श्हर के विभिन्न चौराहों एवं तिराहों पर ट्रेफिक सिग्नल लगाए जा रहे हैं, महाराणा प्रतापनगर में 5.21 करोड एवं शहर में जलापूर्ति हेतु 70 करोड़ रूपए के कार्य प्रगतिरत है। सर्किट हाउस का 2.31 करोड़ की लागत से रिनोवेशन किया जा रहा है। शहर के विभिन्न पार्कों में 1.9 करोड की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। न्यू लेकफ्रंट आनासागर पर 1.96 करोड़ की लागत से कार्य प्रगतिरत है। 2.02 करोड़ की लागत से पटेल मैदान में एलाइड फैसिलिटी डवलप की जा रही है। स्लज क्लियरेंस आनासागर एस्कैप चैनल 2.09 करोड़, तोपदड़ा खेल मैदान 0.99 करोड़, सम्रट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में 1.25 करोड़ की लागत से इंडोर स्पोट्स हॉल, मुराल एंड वॉल पेंटिंग, सरकारी कार्यालयों के बाहर साइन बोर्ड, सूचना केंद्र डिजीटल लाइब्रेरी के कार्य प्रगतिरत है।
संवाद , मोहम्मद नज़ीर क़ादरी