राजनीति

उत्तर प्रदेश चुनाव में कमंडल खत्म हो जाएगा और मंडल की जीत होगी: चन्द्रशेखर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश चुनाव में इस बार कमंडल खत्म हो जाएगा और मंडल की जीत होगी ये कहना था आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद का जो गंगानगर क्षेत्र की गंगा ग्रीन सिटी में सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे,
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि उप्र में उनकी सरकार बनने पर सभी टोल फ्री कर दिए जाएंगे। उप्र में सभी दलों की सरकारों को देखा है, अब आजाद समाज पार्टी जैसे छोटे दलों के गठबंधन की बारी है। 85 प्रतिशत बहुजन समाज हमारे साथ है।
उन्होंने कहा कि केवल आजाद समाज पार्टी ने ही भाजपा सरकार के गलत निर्णयों का खुलकर विरोध किया है। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी गोरखपुर से चुनाव लड़ना चाहिए।
चन्द्रशेखर ने कहा कि दलित समाज की उपेक्षा करने वालों को उप्र से भगाने के लिए सभी छोटे दलों का सामाजिक गठबंधन हुआ है। यह गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। जमीन पर केवल छोटे दल लड़ाई लड़ रहे हैं। बड़े दलों के नेता ट्वीटर पर खेल रहे हैं। अब समय आ गया है कि परिवारवाद वाली पार्टियों को पूरी तरह खत्म किया जाए। बुलंदशहर के उप चुनाव में आजाद समाज पार्टी अपना प्रभाव दिखा चुकी है। आजाद समाज पार्टी ने लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी, पिछड़ा समाज पार्टी, न्याय पार्टी, डीडीए पार्टी, सम्यक पार्टी, सर्वजन लोक शक्ति पार्टी, वीर दल जैसे दलों से गठबंधन किया है।
लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हरियाणा के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि देश की आजादी से लेकर आज तक दलित और पिछड़े समाज के लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। सभी दलों ने इनका वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया, लेकिन इनके अधिकार नहीं मिल पाए।