देश विदेशहिंदी

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने CMS को सर्वाधिक 12 पुरस्कारों से पुरष्कृत किया

लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने आज सायं रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित गणतंत्र दिवस परिसमाप्ति समारोह के अवसर पर सिटी मोन्टेसरी स्कूल को गणतन्त्र दिवस परेड के विभिन्न कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु सर्वाधिक 12 पुरस्कारों से नवाजा। इसी कड़ी में गणतन्त्र दिवस समारोह में प्रदर्शित सी.एम.एस. झाँकी ‘मंगलमय है वह जगह जहाँ प्रभु महिमा गाई जाती है’ को प्रथम पुरस्कार एवं ‘चल वैजयन्ती’ पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने पुरस्कार ग्रहण किया। बीटिंग द रिट्रीट’’ के उपरान्त एक अनौपचारिक वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि सी.एम.एस. की यह झाँकी सारे समाज को प्रार्थना का जीवन में महत्व एवं सर्वधर्म समभाव का व्यापक संदेश देने में सफल रही है और यही हमारी असली कामयाबी है।

सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह में सी.एम.एस. को 8 प्रथम पुरस्कार, 1 द्वितीय पुरस्कार एवं 3 तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया, जिसमें सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस को ड्रिल ‘भारत का टीकाकरण’ हेतु प्रथम पुरस्कार, सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) को बालकों के मार्च पास्ट हेतु प्रथम पुरस्कार, सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) को बालिकाओं के मार्च पास्ट हेतु प्रथम पुरस्कार, सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस को बालिकाओं के फ्लैग मार्च हेतु प्रथम पुरस्कार, सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर (प्रथम कैम्पस) को नृत्य प्रस्तुत ‘भारत की बेटी’ हेतु प्रथम पुरस्कार, सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) को नृत्य प्रस्तुत ‘भारत वर्ष की वीरांगनाएँ’ हेतु प्रथम पुरस्कार एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस को पाइप बैण्ड प्रस्तुति हेतु प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। इसी प्रकार, सी.एम.एस. आनन्द नगर कैम्पस को ‘सबको अवसर, सबको उन्नति’ ड्रिल हेतु द्वितीय पुरस्कार, सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) को बालकों के फ्लैग मार्च हेतु तृतीय पुरस्कार, सी.एम.एस. महानगर कैम्पस को नृत्य प्रस्तुति हेतु तृतीय पुरस्कार एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस को ब्रास बैण्ड प्रस्तुति हेतु तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

शर्मा ने बताया कि गणतन्त्र दिवस समारोह में प्रदर्शित सी.एम.एस. झाँकी जनमानस के अवलोकनार्थ सी.एम.एस. कानपुर रोड प्रांगण में रखी गई, जहाँ लखनऊ के सभी छात्र, अभिभावक व शिक्षक इस झाँकी को नजदीक से देखकर इससे प्रेरणा ग्रहण कर सकते हैं।

(हरि ओम शर्मा)
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ

Auto Fetched by DVNA Services

Comment here