अन्य

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सफ़ाई कर्मचारियों का सम्मान

आगरा(डीवीएनए )। संविधान में सभी को समान अधिकार दिये गये हैं। चाहे पुरुष हो अथवा महिला, कोई भी एक वर्ग विशेष नहीं है परन्तु भारत में कुछ तुच्छ मानसिकता रखने वाले लोगों ने महिलाओं को कमजोर समझने और बनाने का काम किया है लेकिन हमारा भी यही संकल्प है कि जब तक समाज में पूर्ण रूप से महिलाओं को उनका सम्मान व अधिकार नहीं मिल जाता तब तक हम सभी मिलकर प्रयास करते रहेंगे और समाज को जागरूक बनाने का काम करेंगे, ये बातें बतौर मुख्य अतिथि के रुप में महापौर नवीन जैन ‘अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ के उपलक्ष्य में माथुर वैश्य हरियाली समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही।
माथुर वैश्य हरियाली समिति द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आगरा नगर निगम परिसर में महिला सफ़ाई कर्मचारियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रुप में महापौर नवीन जैन मौजूद रहे। महापौर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विभिन्न वार्डों में सफाई करने वाली महिला कर्मचारियों को महापौर द्वारा सम्मानित किया गया।
उद्बोधन के दौरान महापौर नवीन जैन ने संस्था के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत का बेटी हो या बहु, घर से लेकर अपने देश की सीमा पर रक्षा के कार्य में पुरुष के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चल रही है। पहले की सरकारों में महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया लेकिन आज मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी सर्वाधिक रही है। कुछ लोग महिलाओं को 33% आरक्षण की बात करते हैं। तब मुझे गर्व होता है कि हमारे नगर निगम में 100 पार्षदों में 43 महिला पार्षद है।
महापौर नवीन जैन ने महिला सफ़ाई कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस भी महिला सफ़ाई कर्मचारी को जिस कार्य क्षेत्र में भेजा जाता है वहाँ उच्च कोटी की सफ़ाई व्यवस्था आप देख सकते हैं। क्योंकि महिलाओं में कार्य करने की क्षमता शानदार होती है, वह पूर्ण लगन से कार्य को अंजाम देती है। हमें ऐसी महिला कर्मचारियों को हौंसला देने की जरूरत है। अंत में महापौर ने इस सार्थक कार्यक्रम को आयोजित कराने के लिए संस्था के प्रयासों की भी सराहना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महिला कर्मचारियों में सुमन, रुकमणी देवी, सुनीता, हेमलता, कमला, शमा, ममता, राजकुमारी, रेखा, अनु, सुनीता, शांति, अबला सहित लगभग 35 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस दौरान पार्षद जगदीश पचौरी, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद गुलाब सिंह कुशवाह, भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता, समिति की अध्यक्ष दीपिका गुप्ता, महिला मंडल की अध्यक्ष गीता गुप्ता, अनीता कोढियाल, निशा चौधरी, ललितेश, राम अवतार आदि लोग मौजूद रहे।
संवाद , दानिश उमरी