अन्य

पालीवाल पार्क में लगा होली मेला

आगरा। आगरा नगर निगम द्वारा भाई दूज के मौके पर पालीवाल पार्क में परंपरागत होली मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जहां विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक क्षेत्र व संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए तो वहीँ विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से तमाम संस्थाओं और संगठनों के द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों से सभी अतिथियों को अवगत कराते हुए होली त्यौहार की शुभकामनाएं दी। वही लोगों के मनोरंजन के लिए जहां तमाम झूले और आकर्षक दिखाने लगी थी तो वही खाने पीने की लिए स्ट्रीट फूड स्टॉल भी उपलब्ध थे। इस आयोजन की अध्यक्षता महापौर नवीन जैन द्वारा की गई।

होली मेला आयोजन में लगभग 2 दर्जन से अधिक स्टालें लगाई गई। महापौर नवीन जैन ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और स्टॉल लगाने वाले सभी राजनैतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों से मिलते हुए उन्हें होली की बधाई दी। वहीं संस्थाओं और संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर महापौर नवीन जैन का अभिनंदन करते हुए चंदन-रोली लगाकर होली की बधाई दी।

मंच से उद्बोधन देते हुए महापौर नवीन जैन ने कहा कि आगरा नगर निगम द्वारा हर साल होली के त्यौहार में भाई दूज के दिन यह परंपरागत होली मेला का आयोजन किया जाता रहा है। कोरोना महामारी के चलते पिछले 2 साल यह आयोजन नहीं हो सका। मैं धन्यवाद देना चाहता हूं पीएम मोदी को, जिनके नेतृत्व में न केवल स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आया बल्कि पीएम मोदी के हौसला अफजाई के कारण देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सीन बनाई। कोरोना योद्धा बन कर चिकित्सकों और उनके स्टाफ में कोरोना मरीजों का इलाज किया। इसी का परिणाम हुआ कि कोरोना पर काफी हद तक नियंत्रण पा चुके हैं।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि उन्होंने जात-पात, धर्म से ऊपर उठकर सभी के स्वास्थ्य की चिंता की और आज पूरा देश सुरक्षित माहौल में खुली हवा में सांस ले रहा है। आगरा नगर निगम द्वारा आयोजित होली मेला भी यह संदेश देता है। यह शहर का इकलौता ऐसा आयोजन है जहां सभी राजनैतिक, पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता, सभी धर्मों के लोग और शहर के प्रत्येक समाज से जुड़े सभ्रांत नागरिक इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। कार्यक्रम के अंत में महापौर नवीन जैन सभी को होली की बधाई दी।

उद्बोधन कार्यक्रम के बाद कवि सम्मेलन की शुरुआत की। मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कवि सम्मेलन की शुरुआत की। राजेंद्र मिलन, राज कुमार रंजन, सुशील सरित, अशोक अंशु, एलेश अवस्थी, विनय बंसल, कुमार ईशान देव आदि कवियों ने शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा।

वहीँ स्टॉल लगाने वालों में क्षेत्रीय समाज, जाट समाज, अखिल विश्व गायत्री परिवार, भारतीय सप्त ऋषि सेवा संगठन, ब्राह्मण महासभा, आम आदमी पार्टी, भाजपा यश कल्याण समिति, सारथी फाउंडेशन ट्रस्ट, विद्या स्रोत, ताज प्रदेश निर्माण समिति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन, भारतीय लोधी महासभा, नवीन युवा संगठन, कांग्रेस कमेटी आगरा, भाजपा समर्थक मंच, अखिल भारतीय यादव महासभा, कुशवाहा युवा मंच, भारतीय प्रशिक्षण मंडल, विश्व हिंदू महासंघ, शिवसेना, निषाद पार्टी आदि शामिल रहे।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाह, उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलू पंडित, भाजपा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता, नवीन गौतम, गौरव शर्मा, रोहित कत्याल, राजन गुप्ता, सपन सिंह आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन यादवेंद्र शर्मा द्वारा किया गया।

संवाद:- अज़हर उमरी