अन्य

सूरसदन में लगने वाली प्रसव पूर्व-गर्भ पाठशाला की तैयारियां पूर्ण

श्री अरबिंदो सोसायटी (आगरा शाखा), आगरा विकास प्राधिकरण, आईएमए और एओजीएस के संयुक्त बैनर तले जनहित में की जा रही नेक पहल

आगरा। (डीवीएनए)श्री अरबिंदो सोसायटी (आगरा शाखा), आगरा विकास प्राधिकरण, आईएमए और एओजीएस के संयुक्त सौजन्य से जनहित में एक नेक पहल की जा रही है। इसके तहत एक अप्रैल को सूरसदन में शाम चार बजे से सात बजे तक अभिमन्यु गर्भ संस्कार कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस प्रसव पूर्व-गर्भाधान एवं गर्भ संस्कार कार्यशाला में स्वस्थ, सुदृढ़, समृद्ध व दिव्य संतान के लिए आमजन को जागरूक किया जाएगा।

सूर सदन में की बैठक..
कार्यशाला की तैयारियों के संबंध में गुरुवार को सूर सदन में एक बैठक की गई। बैठक में अभिमन्यु गर्भ संस्कार के संस्थापक और मुख्य संचालक मनोज बुब और प्रिंस सरोज कुमार (पुणे) ने बताया कि कार्यशाला के दौरान गर्भ में ही शिशु की एकाग्रता, स्मरण शक्ति, अभ्यास शीलता और संयमशीलता आदि उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के टिप्स दिए जाएंगे।
कार्यशाला में मातृ-पितृ संस्कार, षट चक्र संस्कार, मंगलम संस्कार, समृद्धि संस्कार, अन्न संस्कार, कला सृजन संस्कार, पंचतत्व संस्कार, धर्म संस्कार और विद्या संस्कार के साथ-साथ म्यूजिक थेरेपी, गर्भ संवाद, गर्भ ध्यान, प्राणायाम, आनुवांशिकता शुद्धि, बेबी माइंड डेवलपमेंट और सामान्य प्रसूति के संबंध में जानकारी दी जाएगी। *विश्व गुरु बनने के लिए गर्भ संस्कार जरूरी..*

श्री अरविंदो सोसाइटी की चेयर पर्सन डॉक्टर सुनीता गर्ग के अनुसार महर्षि अरविंदो ने कहा था कि भारत को विश्व का आध्यात्मिक नेतृत्व प्रदान करने के लिए महान आत्माओं को पृथ्वी पर आमंत्रित करना होगा। इसके लिए गर्भ संस्कार अत्यंत आवश्यक है।

इच्छुक लोग यहां करें संपर्क..
इस निशुल्क कार्यशाला का लाभ लेने के इच्छुक लोग आगरा ऑब्स एंड गाइनिक सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अनुपम गुप्ता, आईएमए सेक्रेटरी डॉ. अनूप दीक्षित व डॉक्टर पंकज नगायच, श्री अरविंदो सोसाइटी की डॉक्टर सुनीता गर्ग और डॉक्टर प्रवीन गर्ग से अजीत नगर, खेरिया मोड़ पर या उनके फोन नंबर 89589 56439 पर या विनोद भाई से 8279444316 पर या संपर्क कर सकते हैं।

संवाद:- दानिश उमरी