अन्य

जहाँ के वास्ते ईसा कुर्बान हो गए गुड फ्राइडे भक्तिपूर्वक सम्पन्न

आगरा । ईसाई कैलेण्डर के सबसे महत्वपूर्ण एवं दुखद दिन गुडफ्राइडे (पुण्य शुक्रवार) के अवसर पर नगर के सभी गिरजाघरों एवं मसोही संस्थानों, घरों आदि में प्रभु ईसा मसीह की सलीब पर कष्टदायी मृत्यु की यादगारी पारंपरिक शोक एवं धार्मिक वातावरण में मनाई गई पुण्य शुक्रवार के अवसर पर सभी स्थानों पर विशेष प्रार्थना सभाएं एवं धर्मविधियां आयोजित की गई।
वजीरपुरा मार्ग स्थित निष्कलंक माता महागिरजाघर में आर्चबिशप डा. राफी मंजलि ने फादर इग्नेशियुस मिराण्डा, फादर लॉरन्स, फादर विनिवर्सल, फादर संतोष डीसा, फादर सेबास्टियन आदि के साथ छावनी स्थित सेंट पैट्रिक्स चर्च में फादर ग्रेगरी ने फादर भास्कर और फादर शाजुन के साथ तथा प्रतापपुरा स्थित सेंट मेरीज चर्च में फादर स्टीफन ने फादर प्रकाश रोड्रिग्ज, फादर लुईस खेस और फादर मून लाजरस के साथ मुख्य प्रार्थनाएं सम्पन्न कराई। बड़ी संख्या में पुरोहितों, धर्मभाई बहनों एवं मसीही लोगों ने भाग लेकर अपने पापों के लिए प्रायश्चित किया तथा विश्व कल्याण की कामना की।
सेंट मेरीज चर्च, प्रतापपुरा में फादर मून लाजरस ने मुख्य प्रवचन में प्रभु ईसा मसीह के क्रूस पर बलिदान होने की महान घटना पर प्रकाश डालते हुए समझाया कि आज भी जब किसी गरीब, निर्दोष और भूखे पर जुल्म ढाया जाता है, तो उसमें उपस्थित ईश्वर पर जुल्म होता है। मानव की गरिमा का ह्रास होता है। मानवता शर्मसार होती है। ईश्वरीयता नष्ट होती है। ‘ फादर स्टीफन ने जनकल्याण के लिए मुख्य धर्मविधि सम्पन्न कराई। सुश्री डिम्पल मैथ्यु के निर्देशन में चर्च के युवाओं ने प्रभु ईसा के क्रूस रास्ते (चौदह मुकाम) का जीवित मंचन किया चर्च की गायन-मण्डली ने सुमधुर गीत-भजन गाकर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने सबके प्रति आभार प्रकट करते हुये उनसे आने वाले पर्व इंस्टर सण्डे में भी भाग लेने की अपील की है। शनिवार रात्रि 11.30 बजे जागरण को मिस्सा होगी।
रविवार को भोर में 4.30 बजे स्थानीय सेंट जार्जेज चर्च (आगरा छावनी) से संयुक्त ईसाइयों की एक प्रभात फेरी (शोभायात्रा) भी निकाली जायेगी, जो चर्च की परिक्रम करके पुनः चर्च प्रांगण में लौट आयेगी, जहाँ इंस्टर पर्व की पूजा आराधना के बाद सभा विसर्जित हो जायेगी।


संवाद , फैज़ान उद्दीन नियाज़ी