अन्य

आगरा की बेटी आस्था कुलश्रेष्ठ को हिंदी भवन में मिलेगा काव्य रत्न सम्मान

आगरा। (डीवीएनए)अंतर्राष्ट्रीय शब्द सृजन संस्था द्वारा 15 मई को हिंदी भवन दिल्ली में साहित्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में ताजनगरी के डॉ. बनवारी लाल गुप्ता की सुपुत्री, आगरा में जन्मी और पली-बढ़ी (वर्तमान में गुड़गाँव निवासी) लेखिका व साहित्यकार श्रीमती आस्था कुलश्रेष्ठ को देश-विदेश के 150 से अधिक गणमान्य साहित्यकारों की मौजूदगी में काव्य रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा।


गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय शब्द सृजन द्वारा हिंदी साहित्य के इतिहास में पहली बार भारत रत्न प्राप्त विभूतियों पर केंद्रित ऑनलाइन काव्य पाठ का आयोजन किया गया था। इसमें श्रीमती आस्था कुलश्रेष्ठ सहित देश-विदेश के 301 कवियों ने काव्य पाठ किया था। उन्हीं में से चयनित 215 कवियों की रचनाओं को अंतरराष्ट्रीय काव्य संग्रह “भारत के भारत रत्न” में स्थान दिया गया। इस संग्रह में श्रीमती आस्था कुलश्रेष्ठ की रचना को भी प्रकाशन का अवसर मिला। इस अनूठे आयोजन को विश्व कीर्तिमान मानते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।


बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय शब्द सृजन के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार पांडेय और महासचिव ओंकार त्रिपाठी द्वारा संपादित इस अंतरराष्ट्रीय काव्य संग्रह का लोकार्पण भी हिंदी भवन में आयोजित समारोह में किया जाएगा। समारोह में देश की ख्याति प्राप्त साहित्यिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियाँ शामिल होंगी।

संवाद:-दानिश उमरी