अन्य

हुनर हाट में धूम मचा रहे हैं सर्कस के कलाकार दर्शकों की जमकर बटोर रहे हैं तालियाँ

आगरा। (डीवीएनए)दशकों पहले लगभग लुप्त हो चुके सर्कस को देखना है तो आपको ये मौका हुनर हाट दे रहा है। आगरा के शिल्पग्राम में चल रहे हुनर हाट के मंच पर सर्कस के कलाकार कमाल के करतब दिखा रहे हैं। सर्कस कलाकारों के हैरतअंगेज़ करतब देख लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। हुनर हाट के मंच पर रैम्बो इंटरनेशनल सर्कस के 25 कलाकार तरह तरह के स्टंट दिखा रहे हैं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। दर्शक भी सर्कस को बेहद पसंद कर रहे हैं। ख़ास बात ये है हुनर हाट ने  इन कलाकारों को न सिर्फ अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए परफेक्ट प्लेटफॉर्म दिया है बल्कि इन कलाकारों को और इनके परिवारों को रोज़गार का अवसर भी दिया है। 

सर्कस की लोकप्रियता को फिर से स्थापित करने की दिशा में हुनर हाट का प्रयास सराहनीय है। आम आदमी की ज़िंदगी से दूर जा चुके सर्कस को वापस लाने का काम हुनर हाट ने किया है। हुनर हाट में आये मशहूर रैम्बो इंटरनेशनल सर्कस के कलाकारों का कहना है कि उनके पास काम नहीं था जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। कोविड की वजह से हालात और ज़्यादा खराब हो गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी ने हुनर हाट का मंच देकर उन पर बहुत बड़ा उपकार किया है। उनको इस बात की खुशी तो है ही कि उन्हें फिर से अपनी कला को दिखाने का मौका मिला है लेकिन इस बात की खुशी भी है कि उनको अपना घर चलाने में हुनर हाट से बड़ी आर्थिक मदद मिल रही है। 

हुनर हाट में हर दिन सर्कस के 3 शो आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहर 1 बजे, 3 बजे और शाम 5 बजे सर्कस के कलाकार हैरतअंगेज़ करतब दिखा कर आगरा और आस-पास से आने वाले दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। इन कलाकारों के ऐसे स्टंट हैं जिन्हें देख कर लोग हैरान रह जाते हैं। बच्चों को तो ख़ास तौर पर सर्कस खूब पसंद आ रहा है। बड़ों के लिए भी सर्कस को देखना और उससे अपनी पुरानी यादों को जोड़ना सुखद अनुभव है। कला को सम्मान और कलाकार को पहचान देने की मंशा से केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय हुनर हाट के ज़रिए लगातार गंभीर कोशिश कर रहा है। सर्कस के अलावा संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला भी पेश की जा रही है जिसके तहत देश के कई बड़े और जाने-माने कलाकार हुनर हाट में हिस्सा ले रहे हैं और अपनी कला से लोगों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। आने वाले दिनों में ग़ज़ल सम्राट पंकज उधास, मशहूर प्लेबैक सिंगर शैलेन्द्र सिंह, पूर्णिमा श्रेष्ठ, हेमा सरदेसाई, मोहित चौहान, दलेर मेहँदी और अन्य कई कलाकार अपनी शानदार गायकी पेश करेंगे। 

संवाद:- दानिश उमरी