अन्य

हुनर हाट को लोग क्यों कर रहे हैं पसंद आखिर ऐसा क्या है ख़ास पढ़ें और जाने इसका सच

आगरा। (डीवीएनए) हुनर हाट में लगे क्राफ़्ट और क्यूज़ीन के शानदार स्टॉल तो अपनी अलग छाप छोड़ ही रहे हैं, व्यवस्थाओं के लिहाज से भी हुनर हाट अन्य मेला और प्रदर्शनी से बहुत अलग है। साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, सिटिंग अरेंजमेंट और व्यवस्थित तरीके से किए गए अन्य तमाम इंतज़ामात हुनर हाट को दूसरों से अलग साख बना रहा हैं। 

हुनर हाट का बेहतरीन प्रबन्धन,सफाई किसी विश्व स्तर के आयोजन का एहसास कराता है , 150 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं जो भीड़ के प्रबन्धन और सहयोग में लोगों की मदद करने का काम करते हैं। इसके अलावा 100 से ज़्यादा सफाईकर्मी पूरे समय साफ-सफाई में लगे रहते है। जगह जगह डस्टबिन रखी गईं हैं जिससे साफ-सफाई रखी जा सके। पूरा हुनर हाट कैम्पस सीसीटीवी कैमरों से लैस है जिनसे चप्पे-चप्पे की निगरानी लगातार की जाती है। । हुनर हाट के गेट नंबर 3 के पास ही पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की गई है। 

सेल्फ़ी पॉइंट्स बने आकर्षण का केंद्र

हुनर हाट में जगह जगह कई सेल्फ़ी पॉइंट्स बनाए गए हैं जो लोगों को लुभा रहे हैं। इन सेल्फ़ी पॉइंट्स पर सेल्फ़ी लेने वालों में ज़बर्दस्त क्रेज़ देखा जा रहा है। अशोक स्तंभ, बैलों की जोड़ी, दिल के आकार की बेंच, कुम्हार के सांकेतिक हाथों के साथ बड़े आकार का बर्तन, विशालकाय ढोलक, परंपरागत भेषभूषा में महिलाओं की मूर्तियां और अन्य सेल्फ़ी पॉइंट्स हुनर हाट में आने वालों की पसंद बने हुए हैं। बड़ी संख्या में लोग यहाँ सेल्फ़ी लेकर और फोटो खिंचवा कर सोशल मिडिया पर पोस्ट कर हुनर हाट से जुड़ी अपनी यादों को सहेज रहे हैं। 

अमृत महोत्सव का डिजिटल पैवेलियन है ख़ास

“आज़ादी का अमृत महोत्सव” मनाने के क्रम में हुनर हाट में एक ख़ास पैवेलियन बनाया गया है। “हिस्ट्री एंड हीरोज़” नाम से बने इस पैवेलियन में एलईडी स्क्रीन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए गए हैं। यहाँ लोग आज़ादी की जंग से जुड़ी जानकारी के अलावा शहीदों और शूरवीरों की तस्वीरें और ग्राफिक्स के ज़रिए उनकी कहानियों को पढ़ा जा सकता है। अन्य एतिहासिक घटनाओं से जुड़ी तथ्यात्मक जानकारी भी उपलब्ध है। मूल मंत्र “वोकल फ़ॉर लोकल” और “स्वदेशी से स्वावलम्बन” को बल देने के उद्देश्य से किए जा रहे इस आयोजन को आगरा और आस-पास के लोग भी बड़ी तादाद में आ रहे हैं, वही विदेशी सैलानी भी हुनर हाट के स्वदेशी उत्पादों से खूब प्रभावित हो रहे हैं ,

संवाद:- दानिश उमरी