अन्य

लज़ीज़ व्यंजन संगीत औऱ संस्कृति की झलक के साथ लेज़र शो हुनर हाट को बना रहा है औऱ आकर्षक

आगरा। हुनर हाट में खूबसूरत क्राफ़्ट और लज़ीज़ व्यंजनों के स्टॉल के अलावा हर दिन होने वाले संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को तो लोग पसंद कर ही रहे हैं, ज़बर्दस्त लेज़र शो भी लोगों का ध्यान खींच रहा है और लोग बहुत दिलचस्पी से लेज़र शो को देखना पसंद कर रहे हैं। 

प्रतिदिन शाम को 2 बार लेज़र लाइट शो का आयोजन होता है जिसमें एतिहासिक महत्व की तथ्यात्मक जानकारी दर्शकों को दी जाती है। आज़ादी की लड़ाई से लेकर इंडिया गेट, लाल किला, ताजमहल, हाजी अली दरगाह के साथ साथ अन्य तमाम राष्ट्रीय महत्व की धरोहरों से जुड़ी जानकारी शानदार लेज़र शो में दी जाती है। इसके अलावा कई दूसरे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में भी बताया जाता है। 

लेज़र शो के अलावा हुनर हाट कैम्पस में रखा “घोड़ा” पब्लिक का पसंदीदा सेल्फ़ी पॉइंट बना हुआ है। इसको लोहे के कबाड़ से बख़ूबी बनाया गया है। लोहे के छोटे छोटे टुकड़ों और कबाड़ से बना ये घोड़ा ‘कचरे से कौशल’ का नायाब नमूना है। 18 मई को शिल्पग्राम में शुरू हुआ हुनर हाट 29 मई तक चलेगा। सुबह 10 से रात 10 बजे तक यहाँ आकर हुनर हाट को देखा जा सकता है और ख़रीदारी की जा सकती है। ख़ास बात ये है कि यहाँ आने के लिए किसी तरह का कोई टिकट नहीं है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग शिल्पग्राम पहुँच कर हुनर हाट देख रहे हैं और ख़रीदारी करके दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों और कलाकारों का हौसला बढ़ा रहे हैं। 

संवाद:-दानिश उमरी