अन्य

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया कार्यक्रम स्थल का दौरा

आगरा। (डीवीएनए) आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर फतेहपुर सीकरी के पंच महल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री और राज्यसभा के उप-नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। दिल्ली से फतेहपुर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। उसके बाद योग कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन समिति और व्यवस्था में लगे लोगों के साथ समीक्षा बैठक कर चुस्त दुरुस्त व्यवस्था के निर्देश दिए।

इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि योग, पूरी दुनिया के स्वास्थ्य, सौहार्द और खुशहाली का “परफेक्ट भारतीय हेल्थ हैंपर” है। इतना ही नहीं, योग अच्छी सेहत के खजाने की “गोल्डन चाभी” है और अच्छी सेहत ही इंसान की सबसे बड़ी दौलत है।

नक़वी ने आगे कहा कि वह स्वयं पिछले कई वर्षों से योग करते आ रहे हैं। योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि यह “सेहत विज्ञान” भी है। योग मस्तिष्क, शरीर के बीच एकता कायम करता है। योग तन को मजबूती और मन को शांति प्रदान करता है। पूरा विश्व जोश-जुनून के साथ ”अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” मना रहा है। यह भारत के लिए गौरव और सम्मान की बात है।

संवाद:- दानिश उमरी