अन्य

ताजमहल के पार्श्व में दशहरा घाट पर सफाई अभियान

आगरा। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की दिशा में चलाए जा रहे ‘वृहद जन-जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत नगर निगम आगरा द्वारा ताजमहल के पार्श्व में दशहरा घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में शामिल हुए मेयर नवीन जैन, नगर आयुक्त निखिल टीकाराम सहित निगम अधिकारियों, पार्षदों और पर्यावरण प्रहरियों ने यमुना नदी के किनारे से प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर सफाई अभियान में अपना योगदान दिया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप में एक अर्थी भी निकाली गई और शहर को यह संदेश देने का काम किया कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए हम सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।


दशहरा घाट पर महापौर नवीन जैन और वहां उपस्थित सभी लोगों ने ताजमहल के पीछे बने दशहरा घाट पर यमुना नदी किनारे फैले प्लास्टिक कचरे, पॉलिथीन और गंदगी को एक जगह पर एकत्रित किया और घाट को स्वच्छ बनाया। इसके बाद एकत्रित प्लास्टिक कचरे को पुतले का रूप दिया गया। उस पुतले की अर्थी निकाली गयी जिसे स्वयं महापौर और नगरायुक्त ने कंधा देकर यह संदेश देने का काम किया अब सिंगल यूज प्लास्टिक की विदा हो चुकी है। पर्यावरण हित में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया जायेगा। अर्थी निकालने के बाद उसे वहीँ पास में गड्डा खोदकर दफना दिया गया।

इस अभियान के बाद दशहरा घाट पर ही संबोधन कार्यक्रम हुआ जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अपनी बात रखते हुए महापौर नवीन जैन ने सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक न सिर्फ हमारे शरीर के लिए बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी नुकसान देह है। यदि हमें आगरा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर बनाना है तो प्रत्येक शहर वासियों को स्वयं यह संकल्प लेना होगा कि वह प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।


महापौर नवीन जैन ने कहा कि आज यह अभियान आगरा में लगभग 23 स्थानों पर एकसाथ शुरू हुआ है। यह अभियान आगामी 3 जुलाई तक चलेगा जिसमें शहर के सभी 100 वार्डो में अलग-अलग तरीके से लोगों को जागरूक करने का काम किया जायेगा। उसके बाद अगर लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करते हुए पाए जायेंगे तो उनके खिलाफ नगर निगम कार्यवाही करने का काम करेगा।


वहीं नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने कहा कि सभी का हक बनता है कि वह अपने शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने का सहयोग करे। इसी को लेकर प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत की गई है। यमुना के तल पर प्लास्टिक और गंदगी का अंबार रहता था, लेकिन अब से यह अंबार नहीं दिखेगा।
इस कार्यक्रम के बाद एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिसमें कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने एक बोर्ड पर हस्ताक्षर कर यह संकल्प लिया कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे। कार्यक्रम में महापौर नवीन जैन ने सभी को प्लास्टिक का प्रयोग न करने और स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र यादव, पर्यावरण अभियंता विश्वनाथ शर्मा, इस अभियान की ब्रांड अंबेसडर के रूप में नीलम सिरसा, अंजू दियालानी, मनिंदर कौर, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, भाजपा नेता मनोज शर्मा, पार्षद जगदीश पचैरी, पार्षद जगमोहन, पार्षद भवतोष चैधरी, पार्षद बबलू लोधी आदि मौजूद रहे।
संवाद , दानिश उमरी