अन्य

आयुष मंत्री ने नवी मुंबई में यूनानी और होम्योपैथी अनुसंधान भवन का उद्घाटन किया

नई दिल्ली / नवी मुंबई: श्री सर्बानंद सोनोवाल, माननीय केंद्रीय मंत्री आयुष मंत्रालय तथा पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (क्षे.यू.चि.अ.सं.) और क्षेत्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान (क्षे.हो.अ.प.), मुंबई के संयुक्त भवन परिसर का खारगर, नवी मुंबई में आज उद्घाटन किया।

श्री प्रशांत ठाकुर, माननीय विधायक, पनवेल, प्रो. आसिम अली ख़ान, महानिदेशक, यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (के.यू.चि.अ.प.), डॉ. सुभाष कौशिक, महानिदेशक, केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, डॉ. संगीता ए. दुग्गल, सलाहकार, होम्योपैथी, आयुष मंत्रालय, डॉ. अनिल खुराना, अध्यक्ष, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग और डॉ. राज के मनचंदा, निदेशक, आयुष, दिल्ली सरकार इस अवसर पर उपस्थित थे।

अपने उद्घाटन भाषण में माननीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस बात पर ज़ोर दिया कि आयुष प्रणाली सदियों में विकसित हुई है और हमारी संस्कृति में इसकी जड़ें मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में आगे की प्रगति के लिए मार्ग प्रशस्त करने के लिए इन प्रणालियों के सिद्धांतों और प्रथाओं को वैज्ञानिक रूप से परखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में आयुष मंत्रालय के दुवारा स्थापित अनुसंधान संस्थान महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि के.यू.चि.अ.प. द्वारा की गई अनुसंधान और विकास पहलों से न केवल पुरानी और अपक्षयी बीमारियों के लिए बल्कि दुनिया के सामने आने वाली हाल की चिकित्सा चुनौतियों के लिए भी सुरक्षित और प्रभावी उपचार खोजने में मदद मिलेगी। उन्हें उम्मीद थी कि क्षे.यू.चि.अ.सं., नवी मुंबई न केवल स्थानीय आबादी की मदद करेगा बल्कि स्वस्थ भारत के विज़न में भी योगदान देगा।

इससे पहले प्रो. आसिम अली ख़ान, महानिदेशक, के.यू.चि.अ.प. ने इस अवसर को के.यू.चि.अ.प. के इतिहास और भारत में यूनानी चिकित्सा के विकास में एक नया मील का पत्थर बताया। प्रो. खान ने संयुक्त भवन परिसर की स्थापना में हर संभव सहयोग के लिए आयुष मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

आज उद्घाटन की गई इमारत में क्रमशः के.यू.चि.अ.प. और के.हो.अ.प. के क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान क्षे.यू.चि.अ.सं, मुंबई और क्षे.हो.अ.प., नवी मुंबई हैं। तीन मंजिला भवन का निर्माण नगर एवं औद्योगिक विकास निगम द्वारा 1999.82 वर्गमीटर के प्लाट पर किया गया है। अनुसंधान करने के अलावा, संस्थान जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेंगे।

क्षे.हो.अ.प. पहले नवी मुंबई में एक किराए के भवन से काम कर रहा था जबकि क्षे.यू.चि.अ.सं, मुंबई सर जे जे अस्पताल कंपाउंड, भायखला, मुंबई में था।

उद्घाटन समारोह के.यू.चि.अ.प. और के.हो.अ.प., आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया जबकि डॉ. निर्मला देवी, अनुसंधान अधिकारी प्रभारी, क्षे.यू.चि.अ.सं, नवी मुंबई और डॉ. रमेश बावस्कर, अनुसंधान अधिकारी प्रभारी, क्षे.हो.अ.प., नवी मुंबई ने इस कार्यक्रम की मेजबानी की। इस कार्यक्रम में यूनानी और होम्योपैथिक शोधकर्ता, वैज्ञानिक, आयुष प्रणाली और आधुनिक चिकित्सा के वरिष्ठ चिकित्सक, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य और छात्र और मरीज शामिल हुए।