अन्य

भागवत के मूल दर्शन की लौकिक औऱ वैज्ञानिक व्याख्या करेंगे भागवताचार्य दिनेश दीक्षित

मुंबई वाली बगीची में एक सितंबर से बहेगी श्रीमद् भागवत कथा की ज्ञान गंगा, मंगलम स्टेट के मंदिर से कथा स्थल तक निकलेगी कलश यात्रा..

संवाद:- दानिश उमरी

आगरा। केंद्रीय हिंदी संस्थान मार्ग पर बंबई वाली बगीची में 1 से 7 सितंबर तक श्रीमद् भागवत कथा की ज्ञान गंगा प्रवाहित होगी।
हर दिन दोपहर 2:00 से शाम 6:00 बजे तक भागवताचार्य दिनेश दीक्षित भागवत के मूल दर्शन, मूल सिद्धांत, मूल स्तुति और मूल स्लोकों की लौकिक एवं वैज्ञानिक व्याख्या करेंगे। विशेषकर युवा वर्ग तक भागवत का मूल संदेश पहुँचाने की कोशिश रहेगी।
कथा के मीडिया समन्वयक कवि कुमार ललित के अनुसार 1 सितंबर, गुरुवार को सुबह 11:00 बजे कथा के निमित्त कथा से पूर्व मंगलम स्टेट के मंदिर से मुंबई वाली बगीची स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर तक मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी।


दोपहर 2:00 बजे से कथा के पहले दिन भागवत महात्म्य, दूसरे दिन पांडव, ध्रुव और सती चरित्र, तीसरे दिन प्रहलाद चरित्र, समुद्र मंथन और जड़ भरत संवाद, चौथे दिन कृष्ण जन्मोत्सव, पाँचवें दिन प्रभु की बाल लीलाएँ, गोवर्धन पूजा, छठवें दिन महारास और रुक्मणी विवाह तथा सातवें दिन भगवान श्री कृष्ण के अनेक विवाह तथा सुदामा चरित्र की कथा होगी।
भागवताचार्य दिनेश दीक्षित ने शहर वासियों से मंगल कलश यात्रा में शामिल होने और कल्याणकारी भागवत कथा श्रवण कर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।