अन्य

हज यात्रा 2022 पर गए 35 भारतीयों की मृत्यु,दो बच्चों की पैदाइश

नई दिल्ली,।कोरोना की महामारी के दो साल बाद 2022 में हुई हज यात्रा में भारत से गए यात्रियों में 35 की वहां पर मृत्यु हो गई जबकि इस दौरान दो बच्चों ने वहां पैदाइश हुई है।


कोरोना महामारी के बाद 2022 में सऊदी अरब ने भारत सहित दुनियाभर के देशों से हज यात्रियों को हज यात्रा के लिए बुलाया था। भारत के हज यात्रियों का कोटा 2 लाख के लगभग है लेकिन उसे कम करके इस वर्ष 79237 के लगभग कर दिया गया था। भारत से हज यात्रा पर 79149 लोग गए थे, जिनमें से 56634 यात्री हज कमेटी ऑफ इंडिया की तरफ से जबकि 22055 यात्री प्राइवेट टूर ऑपरेटर के माध्यम से गए थे।
हज यात्रा के दौरान भारत से गए हज यात्रियों में से 35 हज यात्रियों का वहां पर निधन हो गया, जिन्हें वहीं पर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है। मरने वालों में दिल्ली के भी एक हज यात्री हैं जबकि दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले 4 यात्रियों की वहां पर मृत्यु हुई है। यात्रा के दौरान दो बच्चों की वहां पर पैदाइश भी हुई है।
यात्रा के दौरान विभिन्न बीमारियों आदि से हज कमेटी के जरिए भेजे गए 21 यात्रियों की वहां पर मृत्यु हो गई है जबकि प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के माध्यम से भेज गए 14 यात्रियों की वहां पर मृत्यु हुई है। हालांकि भारत सरकार की तरफ से हज यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की एक भारी-भरकम टीम भेजी जाती है। इस टीम के माध्यम से मीना, मक्का, मदीना, और अजीजिया में अस्थाई डिस्पेंसरी और अस्पताल का संचालन किया जाता है। इन डिस्पेंसरी और अस्पतालों पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
इसके अलावा सऊदी अरब प्रशासन की तरफ से भी यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर के बड़ी तैयारी की जाती हैं।