अन्य

कांग्रेस को ऐसा नेता चाहिए जो सनातन धर्म का उपहास करता हो : दुष्यंत गौतम

देहरादून। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने परिवार से बाहर का अध्यक्ष खोजने में 22 वर्ष क्यों लगा दिए इस पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। कांग्रेस को ऐसा नेता चाहिए जो सनातन धर्म का उपहास करता हो। बेटे पर नाकाम होने पर प्रयोग की यह 22 वर्ष बाद कोशिश की गई है। इससे पहले एक प्रयोग किया गया था जब वरिष्ठ नेता सीताराम केसरी को अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन उनकी जो दुर्गति हुई है यह हम सब जानते हैं। अंतिम समय में उनकी मृत देह को भी कांग्रेस कार्यालय में नहीं आने दिया गया। इसी प्रकार का अध्यक्ष वह पुन: बनाना चाहते हैं।
दुष्यंत गौतम ने कहा कि कांग्रेस को सनातन धर्म से परेशानी है। उनके नेता कहते हैं कि मंदिरों में लोग लड़कियां छेड़ने जाते हैं, उन्होंने भगवान राम को भी नहीं छोड़ा। कांग्रेस नेता कहते हैं कि देश में सनातन आ जाएगा तो हिन्दुत्व बढ़ जाएगा। ऐसे ही एक व्यक्ति को अध्यक्ष पद के लिये खोजा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी कैबिनेट में पास करने वाले बिल को भी फाड़ देते हैं जो सदन का अपमान है। अनेक स्थानों पर इस परिवार ने अपने सहयोगियों का निरंतर अपमान किया है जो उनकी मानसिकता का प्रतीक है। अच्छा है कांग्रेस ने 22 वर्ष बाद परिवार से बाहर का अध्यक्ष तो खोजा लेकिन वह जो भी है पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह जैसा ही होगा जो परिवार की अनुमति के बिना कुछ नहीं करेगा।