अन्य

29 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 952 जोड़े होंगे शामिल

952 जोड़ों के विवाह का मिला है जनपद को लक्ष्य

आगरा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत जनपद में शासन की मंशानुरूप सामूहिक विवाह के लिए 29 नवम्बर 2022 की तिथि नियत की गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत जनपद स्तर पर 952 जोड़ों का लक्ष्य मिला है तथा इस हेतु निदेशालय, समाज कल्याण लखनऊ द्वारा धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है। जिलाधिकारी नेनवनीत सिंह चहल ने बताया कि शासन द्वारा दिए निर्देशों के अनुक्रम में नगर आयुक्त, नगर-निगम आगरा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, समस्त खण्ड विकास अधिकारी तथा समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर-पालिका परिषद, छावनी परिषद, आगरा को निर्देशित किया है।

कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए सामूहिक विवाह हेतु जोड़ों का चयन/पंजीकरण, गहन जांच/स्वीकृति/ आयोजन स्थल आदि की व्यवस्था करने के साथ ही पंजीकृत जोड़ों की सूचना/सूची नियत प्रारूप पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आगरा को दिनाँक 19 नवंबर 2022 की सायं तक उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। जिससे कि आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें।

51 हज़ार प्रति जोड़ा मिलेगी धनराशि

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 51 हजार रू0 प्रति जोड़े के हिसाब से धनराशि व्यय की जायेगी, जिसमें 35 हजार रू0 कन्या के खाते में विवाह के दिन अंतरित किये जायेंगे, 10 हजार रू0 जोड़े को भेंट की जाने वाली आवश्यक सामग्री हेतु तथा 06 हजार रू0 सामूहिक विवाह के आयोजन की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित निकायों के स्तर पर नियमानुसार व्यय की जानी है।

आगरा शहरी क्षेत्र से 100 जोड़ों की होगी शादी

जनपद को उपलब्ध बजट के अनुसार विकास खण्ड/नगरीय निकायवार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं, जिनमें विकास खण्ड बाह, पिनाहट, जैतपुरकला, एत्मादपुर, खन्दौली, फतेहपुरसीकरी, अछनेरा, सैंया, खेरागढ़, जगनेर, शमशाबाद, फतेहाबाद, अकोला, बिचपुरी, बरौली अहीर के लिये 50-50 जोड़ों का लक्ष्य तथा नगर-निगम आगरा के लिये 100 जोड़े तथा छावनी परिषद, बाह, पिनाहट, एत्मादपुर, फतेहपुरसीकरी, अछनेरा, किरावली, खेरागढ़, जगनेर, शमशाबाद, फतेहाबाद हेतु 08-08 जोड़े एवं दयालबाग व स्वामीबाग के लिये 07-07 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


जिलाधिकारी द्वारा योजनान्तर्गत किसी निकाय में लक्ष्य की पूर्ति न होने की स्थिति में अन्य निकायों की अत्यधिक मांग के अनुसार लक्ष्यों को समायोजित करते हुए अधिक से अधिक जोड़ों को लाभान्वित कराये जाने को निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही विवाह स्थल पर पंजीकरण की व्यवस्था की जायेगी तथा सामूहिक विवाह के आयोजन में प्रतिभाग किये जाने वाले जोड़ों की सूची आवश्यक संलग्नकों के साथ सब रजिस्ट्रार (निबंधन) को उपलब्ध कराकर सम्बन्धित जोड़ों को विवाह स्थल पर ही विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जायेगा।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन में जनपद के मा0 सांसदगण, विधायकगण/अन्य जनप्रतिनिधि आमंत्रित अतिथि होंगे। जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया है कि सम्बन्धित अधिकारीगण मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए 29 नवम्बर 2022 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम हेतु आवश्यक व्यवस्थायें कर उक्त कार्यक्रम उप जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित करेंगे।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्राप्त मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम हेतु उपलब्ध कराई गई धनराशि का उपभोग प्रमाण पत्र तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शासन द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम हेतु उपलब्ध कराई गई शुभ तिथियां यथा- माह नवंबर 2022 में 25,26,28,29, माह दिसंबर 2022 में 01,02,03,04,07,08,09 एवं 14, माह जनवरी 2023 में 15,18,20,22,24,25,26,27,28 एवं 30, माह फरवरी 2023 में 04,06,07,09,10,12,13,14,16,17,18,22,23,24,27 एवं 28 तथा माह मार्च 2023 में 01,06,08,09 एवं 13 निर्धारित हैं।