अन्य

आगरा के तारघर मैदान में मुख्यमंत्री योगी ने किया 488 करोड़ रूपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास

आगरा- मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आगरा के तारघर मैदान में 488 करोड़ रूपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास बटन दबाकर किया व प्रबुद्धजन सम्मेलन को अपने यशस्वी संबोधन से संबोधित किया।


मा0 मुख्यमंत्री महोदय के सम्मेलन स्थल पर प्रवेश करते ही समूचा प्रांगण भारत माता की जय, जय श्री राम और बंदे मातरम के जयघोष से गूंज उठा। सम्मेलन में आई जनता ने हाथ उठाकर मा0 मुख्यमंत्री जी का स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम स्थल पर सर्व प्रथम मा0 मुख्यमंत्री जी ने प्रांगण में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल व प्रदर्शनी का अवलोकन किया व जानकारी प्राप्त की, सर्व प्रथम स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा प्रदर्शित स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को देखा, जिसमें बताया गया कि आगरा उत्तर प्रदेश में प्रथम व भारत में द्वितीय स्थान पर है, वहां बने माइक्रो स्किल डेवलपमेंट सेंटर के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। वहां से  मुख्यमंत्री आगरा नगर-निगम के स्टॉल पर पहुंचे जहां विभिन्न चित्र प्रदर्शनी द्वारा प्रदर्शित प्लास्टिक प्रदूषण, पर्यावरण हेतु नगर-निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को देखा। तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जिला उद्योग एवं उद्धमिता विकास केंद्र के स्टॉल पर पहुंचे जहां एक जनपद-एक उत्पाद के अंतर्गत जनपद के विभिन्न उत्पादों को देखा, उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के स्टॉल को देखा, जिला सूचना कार्यालय द्वारा लगाए गए स्टॉल पर सरकार की विभिन्न योजनाओं के आमजन में किए जा रहे प्रचार-प्रसार सामग्री व संबंधित साहित्य को देखा, उद्यान एवं प्रसंस्करण विभाग द्वारा विभिन्न फलों, सब्जियों व विभाग द्वारा किसानों की दोगुनी आय हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, तत्पश्चात दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के स्टॉल पर पहुंचे, जहां दिव्यांगों हेतु विभिन्न योजनाओं को चित्र प्रदर्शित किया गया था, वहां पहुंचकर मा0 मुख्यमंत्री जी ने 03 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की।


तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जी प्रबुद्धजन सम्मेलन के मंच पर पहुंचे, मंच पर पहुंचते ही समस्त प्रांगण जयघोष से गूंज उठा। मंच पर सभी जनप्रतिनिधियों ने मा0 मुख्यमंत्री जी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया, आगरा के मा0 महापौर श्री नवीन जैन जी के द्वारा स्वागत संबोधन किया गया, तत्पश्चात शहर के 10 गणमान्य नागरिकों ने मा0 मुख्यमंत्री जी का सम्मान किया, तत्पश्चात मुख्य मंच पर लगी एलईडी से उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनता ने बड़े चाव के साथ देखा। श्री राजेश गोयल, अध्यक्ष ऑल इंडिया कोल्ड स्टोरेज फेडरेशन ने सम्मेलन को संबोधित किया, तत्पश्चात पुनः मिशन शक्ति पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई, उसके बाद शहर की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डा0 शिवानी चतुर्वेदी ने अपना संबोधन दिया, शहर के गणमान्य व्यक्तियों के संबोधन के बाद सम्मेलन को मा0 उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय जी ने संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, बताया जाता है कि ताजमहल जब बना था तब निर्माण करने वाले मजदूरों के हाथ काट दिए थे, लेकिन आज ताजमहल ने शहर से सभी उद्योग उजाड़ दिए, क्योंकि टीटीजेड से सभी उद्योग बुरी तरह बरबाद हो गए, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में नई आईटी नीति बन रही है, जिसमें आगरा परिक्षेत्र को विशेष वरीयता मिलने जा रही है, जिससे प्रदूषण रहित आईटी आधारित उद्योग आगरा में बड़ी संख्या में लगेंगे, आईटी नीति निर्माण में आगरा क्षेत्र को विशेष वरीयता देने हेतु उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को मा0 मंत्री श्री एस0पी0 सिंह बघेल व बेबीरानी मौर्य जी ने भी संबोधित किया। श्री बघेल ने अपने संबोधन में मा0 मुख्यमंत्री जी को जानदार, शानदार, विकास पुरुष कहा और बताया कि एक सांसद को 05 करोड़ राशि विकास को मिलती है, कोई सांसद सौ वर्ष जीवन जिए तब 500 करोड़ रूपये का विकास कार्य करा पाएगा, मा0 मुख्यमंत्री जी ने एक बार में ही 500 करोड़ की राशि के विकास कार्यों को कर दिया, ये आगरा के लिए गौरव का विषय है।


मा0 मुख्यमंत्री जी ने मंच पर ही जनपद के 05 प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को अपने हाथ से चाबी सौंपी, पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत 05 लाभार्थियों को चेक वितरण किया, ओडीओपी योजना के भी 05 लाभार्थियों को चेक सौंपा। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत 05 लाभार्थियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन का वितरण किया।


तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी ने अपने कर कमलों द्वारा आगरा जनपद की विकास परियोजनाओं का मंच से ही बटन दबाकर शिलान्यास व लोकार्पण किया। लोकार्पण करते ही सारा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट व जयघोषों से भर गया। लोकार्पण व शिलान्यास के बाद मा0 मुख्यमंत्री जी का ओजस्वी संबोधन हुआ। मा0 मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज आगरा अपने पौराणिक पहचान को स्थापित कर रहा है, आज विकास हो रहा है, मैं इस बीच कई बार आगरा आया हूं, पहले राजनीतिक अराजकता व अविश्वास का भाव था, चोरी, लूट थी, अब विश्वास का माहौल बन रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के इस काल में वैश्विक मंच पर भारत का धमाकेदार उदय हुआ है, ब्रिटेन जिसने हम पर लगभग 200 वर्ष शासन किया, को पछाड़कर आज भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, यहीं नहीं मा0 प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से दुनियां की सबसे बड़ी 20 अर्थव्यवस्था वाले देशों का नेतृत्व भारत करेगा, आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर ये देश के लिए बड़ी गौरव की बात है।


मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा 2017 से पहले सबसे गन्दे शहरों में जाना जाता था और प्रदूषण का भी केन्द्र था, जिससे सुप्रीम कोर्ट को भी दखल देना पड़ा था। लगातार 05 वर्षों के निरंतर प्रयास से आगरा विकास की ओर अग्रसारित है और स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आगरा में मेट्रो का कार्य प्रगति पर है, अगले वर्ष तक शीघ्र ही संचालित किया जायेगा। आगरा एक नये भव्य पहचान के रूप में विकसित हो रहा है। 2017 से पहले आगरा वासियों को रोजगार के लिये बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें आगरा में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आगरा को और विकसित, स्वच्छ और भव्य बनाया जायेगा। उन्होंने उपस्थित जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि आगरा जनकल्याणकारी योजनाओं में देश में एक नम्बर पर है और प्रधानमंत्री आवास योजना में शहरी गरीबों को आवास वितरण के मामले में आगरा जनपद देश में प्रथम स्थान पर रहा है और सरकार के प्रयास से जो पात्रता की श्रेणी में हैं, उनको आवास नहीं मिला है, को प्राथमिकता के आधार पर आवास दिये जायेंगे।  उन्होंने कहा कि पहले कोई नहीं सोच सकता था कि महीने में दो बार फ्री राशन, फ्री गैस सिलेण्डर व फ्री शौचालय और अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा, लेकिन अब इस सरकार ने गरीबों के सपनों को साकार किया है।


मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा जनपद में यमुना को प्रदूषण मुक्त कर अविरल, निर्मल और स्वच्छ बनाने का कार्य किया जा रहा है, आगरा एक ऐतिहासिक, स्मार्ट सिटी, औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। व्यापारी अपना व्यापार करना व आगे बढ़ाना चाहता है, उसको भी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में सभी व्यापारियों और औद्योगिक व्यवसायियों, प्रबुद्धजनों तथा जनमानस के लिये योजनाओं को पोर्टल के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के अथक प्रयासों से आगरा ने “एक जनपद-एक उत्पाद“ में अपना स्थान बनाया है और देश में प्रदेश सरकार ने उत्तम वातावरण दिया है, पहले आगरा में माफियाओं ने व्यापारियों, किसानों और आमजनमानस का जीना दुष्वार कर रखा था, अब उन अपराधियों का पुलिस ने जीना दुष्वार कर रखा है, अब अपराधी अपने गले में तख्ती लटकार घूमते हैं और कहते हैं, कि हम ठेल लगाकर सब्जी बेंच लेगें, लेकिन अपराध नहीं करेंगे। मैं आपकी सुरक्षा का आश्वासन देने आया हूॅ, हमने सुरक्षा का माहौल दिया है, इससे अधिक से अधिक निवेश करने का प्रोत्साहन आगरा के आस-पास होगा। सरकार ने लाभार्थियों के बीच से मीडिएटर समाप्त कर दिये हैं, अब विकास का पैसा लाभार्थी के खाते में जाता है। पहले रेहढ़ी, ठेल लगाने वालों को वालों को पुलिस परेशान करती थी, लेकिन अब पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत उन्हें ऋण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने प्रश्न करते हुए कहा कि क्या कोई सोचता था कि ये सुविधा गरीबों को मिलेगी, आगरा को शुद्ध गंगाजल मिलेगा, मेट्रो रेल सुविधा मिलेगी। मा0 मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित जनता से समर्थन मांगते हुए कहा कि विकास की रफ्तार को थमने नहीं देना है, कोई बैरियर न आये। उन्होंने कहा कि पिछली विधानसभा में बम्पर मतदान किया था, इसके लिये मैं आभार, अभिनन्दन व धन्यवाद व्यक्त करता हॅू।