अन्य

शादी से पहले युवती प्रेमी संग फरार, पिता गये थे तिलक चढ़ाने


संवाद/विनोद मिश्रा


बांदा। सात फेरे के कुछ ही दिन पहले युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। परिवार वालों ने खोज की, पर पता नहीं चला। लोगों ने बताया कि पिता रिश्तेदारों के साथ वर पक्ष के घर तिलक चढ़ाने गए थे। मां से बाजार जाने की बात कहकर युवती घर से निकल गई थी।पिता ने चित्रकूट निवासी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह रिश्तेदारों के साथ 20 नवंबर को तिलक हेतु महोबा गया था। घर में सिर्फ मां थी।


इस दौरान पुत्री घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली वापस नहीं आई। तिलक से वापसी पर खोजबीन की, पर पता नहीं लगा। चित्रकूट जनपद के भरतकूप निवासी युवक के घर जाने पर जानकारी हुई कि युवक भी नदारद है। उससे पुत्री का प्रेम प्रसंग था। मौका पाकर युवक पुत्री को फुसलाकर ले गया। उन्होंने यह भी बताया कि 27 नवंबर को पुत्री की शादी थी। बारात की तैयारी चल रही थी। बेटी के गायब होने के बाद सभी तैयारी खत्म हो गई। पुलिस ने युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।


सूत्रों के मुताबिक युवती को रिश्ता पसंद नहीं था। उसने घरवालों से शादी न करने को कहा था। लेकिन परिजन शादी की जिद पर थे। इसी के चलते वह 20 नवंबर को प्रेमी संग कहीं चली गई।