अन्य

जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश बोले पिछड़े हों या अगड़े सबका विकास भाजपा की चाह


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा है कि भाजपा राजनीतिक उद्देश्य सत्ता नहीं बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक परिवर्तन और देश का विकास है।जलशक्ति राज्य मंत्री यहां मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की दौड़ में पिछड़ गए लोगों के उत्थान और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने हेतु साधन के रूप में देखती है।राज्य मंत्री निषाद नें कहा कि भाजपा सरकार पिछडे़ वर्ग के साथ ही समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।


उन्होंने सपा-बसपा कांग्रेस पर जमकर तंज कसा। बोले कि पिछडे़ , दलितों, शोषित, पीड़ित, वंचितों का वोट लेकर यह पार्टियां जब सत्ता में रहीं,लेकिन इस वर्ग के हित के लिए कुछ नहीं किया। सपा-बसपा कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर इनको छलने का काम किया है।जलशक्ति मंत्री रामकेश नें कहा कि भाजपा की नीति सबका साथ-सबका विकास की है। जबकि सपा मुखिया अखिलेश यादव की नीति अपने परिवार और अपने रिश्तेदारों के विकास तक सीमित है। आरोप लगाया कि सपा-बसपा तथा कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल झूठ, भ्रम व फरेब की अपनी परम्परागत राजनीति से सत्ता प्राप्त करने के मंसूबे पाले हुए हैं। जनता इनकी हकीकत जान चुकी है।


राज्य मंत्री नें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर इस वर्ग सहित सभी वर्गों के हितों की रक्षा के संकल्प को पूरा किया है। मोदी सरकार ने आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए भी आरक्षण को सुनिश्चित किया। इसका ही परिणाम है कि समाज में यह भाव जागृत हुआ है कि अत्यंत गरीब व्यक्ति भी सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों से उत्पन्न चुनौतियों का सामना कर लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।