अपराध

पूर्व पार्षद सवाई सिंह की गोली मारकर की हत्या, दो अन्य साथी घायल

संवाद। मो नज़ीर क़ादरी

पुष्कर बांसेली स्थित युवराज रिसोर्ट पर घात लगाकर की फायरिंग
अजमेर। तीर्थ नगरी के पुष्कर के निकटवर्ती ग्राम बांसेली में निजी रिसोर्ट युवराज फार्म हाऊस में हुई फायरिंग में पूर्व पार्षद अजमेर पलटन बाजार निवासी सवाईसिंह तंवर की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के सेवानिवृत्त कर्मचारी दिनेश तिवाड़ी और दूसरे रेलवे से सेवानिवृत्त खालिक नूर शामिल हैं। बताया जाता है कि आरोपितों ने पूर्व पार्षद सँवाई सिंह तंवर के घात लगाकर तीन—चार राउण्ड गोली दागी जो उनके सिर में लगी। वहीं उनके साथी दिनेश तिवारी के गोली पेट में लगकर आरपार हो गई। फायरिंग में खालिक नूर के भी जख्मी होने की खबर है पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा। फायरिंग में मृतक सवाईसिंह तंवर व घायल दिनेश तिवारी को गम्भीर हालत में अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लाया गया है। दिनेश तिवारी का तत्तकाल आॅपरेशन किया गया है फिलहाल उनकी जान बचाने की कवायद की जा रही है। पूर्व पार्षद सवाईसिंह तंवर को मृत घोषित कर उनका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग की घटना युवराज रिसोर्ट बांसेली की है पूर्व पार्षद सवाईसिंह और उनके दोस्त दिनेश तिवारी व खालिक नूर यहां युवराज रिसोर्ट पर फेंसिंग आदि के कार्य के सिलसिले में नियमित आते—जाते रहा करते थे। युवराज रिसोर्ट भी उन्ही के परिचित का बताया जाता है। यहां सवाईसिंह तंवर के पुत्र का 16 जनवरी को विवाह होना सुनिश्चित बताया जा रहा था। हमलावर जिनपर संदेह किया जा रहा है उन्होंने सवाईसिंह तंवर से पूरानी रंजिश का बदला लेने के लिए घात लगा कर हमला किया।

फायरिंग में सवाईसिंह की मौत हो गई तो संदेह एक बार फिर उसी रंजिश और उन्हीं आरोपितों पर जा रहा है। बहरहाल पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपितों का अभी कोई खुलासा नहीं किया गया है। घटना के बाद से समूचे शहर में सनसनी फैल गई है। लम्बी चलती रंजिश को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन घटना को गंभीरता से ले रहा है। पुलिस का अनुसंधान शुरू हो गया हैं। स्थानीय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के बाहर शुभचिंतको की भारी भीड़ जमा हो गई है।

पुलिस अधीक्षक पहुंचे अस्तपाल….
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जेएलएन हॉस्पिटल पहुंच गए है। वहां भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने विभिन्न टीमें गठित कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक पुरानी रंजिश का फीडबैक लेने में जुटे हैं।