अन्य

विश्वविद्यालय ने तैयार किया अपना रिसर्च पोर्टल

आगरा। डॉ० भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्री० पी०एच डी० पाठ्यक्रम 2021-22 की लिखित परीक्षा आज दिनांक 31.01.2023 को खन्दारी परिसर स्थित आई०ई०टी० संस्थान में प्रारम्भ हुयी। प्रथम दिन रिसर्च मैथडोलॉजी की परीक्षा एवं दूसरे दिन यानी कल 1 फरवरी को कम्प्यूटर एण्ड इट्स एप्लिकेशन की परीक्षा होगी। अधिष्ठाता शोध, प्रो० विनीता सिंह ने बताया कि यह 06 माह का कोर्स वर्क पाठ्यक्रम 16 जुलाई, 2022 को प्रारम्भ हुआ था।

इसमें कुल 10 संकायों के 35 विषयों में 650 विद्यार्थी उपरोक्त लिखित परीक्षा हेतु अर्ह थे, जिसमें से प्रथम दिन 647 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार आज की परीक्षा में 99.53 प्रतिशत उपस्थिति रही। इस परीक्षा के आयोजन के लिए शोध विभाग द्वारा कुलपति प्रो० आशु रानी के मार्गदर्शन में सह-अधिष्ठाता शोध प्रो० बी0पी0 सिंह के सहयोग से विश्वविद्यालय द्वारा अपना रिसर्च पोर्टल तैयार कर परीक्षा सम्बन्धी कार्य कराया जा रहा है। इस पोर्टल में शोध से सम्बन्धित समस्त छात्रों का पंजीकरण, शोध निर्देशकों की सूचना, शोध नियम, रिसर्च प्रोजेक्ट एवं फैलोशिप व अन्य सम्बन्धित जानकारी उपलब्ध रहेगी।

इसके अतिरिक्त उपरोक्त विद्यार्थियों का परीक्षाफल आने के उपरान्त शोध निर्देशकों की समस्त जानकारी, शोध ग्रन्थ से सम्बन्धित समस्त प्रक्रिया की जानकारियां इस पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगीं। सभी विद्यार्थियों की अद्यतन गतिविधियां इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी तथा विद्यार्थियों को इस कार्य से सम्बन्धित सभी जानकारीयां ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होगी. आज की परीक्षा में तकनीकी सहयोग सह-अधिष्ठाता शोध प्रो० बी०पी० सिंह ने प्रदान किया। परीक्षा का सम्पादन प्रो0 मनोज कुमार उपाध्याय एवं डॉ0 एस0के0 जैन के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।