देश विदेश

भाजपा सरकार ने त्रिपुरा को दी नई पहचान : प्रधानमंत्री

त्रिपुरा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने धलाई जिले के अंबासा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्‍व वाली डबल इंजन सरकार ने राज्‍य में विकास को तेज गति दी है।
उन्‍होंने राज्‍य की पूर्ववर्ती मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इन लोगों ने राज्‍य के विकास को बाधित करने का काम किया था। अब त्रिपुरा एक हिंसाग्रस्‍त या पिछडे राज्‍य के रूप में नहीं पहचाना जाता।
मोदी ने कहा कि इस वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान राज्‍य में कई राजनीतिक दलों के झंडे दिखाई दे रहे हैं लेकिन पांच साल पहले यह संभव नहीं था, तब केवल मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी का झंडा दिखाई देता था। भाजपा सरकार ने राज्‍य को इस दहशत से मुक्ति दिलाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सातवें वेतन आयोग के लागू होने से राज्‍य के लाखों सरकारी कर्मचारियों का वेतन बढा है। उन्‍होंने कहा कि पहले त्रिपुरा के लोगों को पुलिस थाने पहुंचने में दिक्‍कत आती थी, लेकिन अब भाजपा के राज में ऐसा नहीं है। उन्‍होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब हिंसा के कारण राज्‍य में लडकियों और महिलाओं को काफी अत्‍याचार सहने पडते थे लेकिन अब वे सशक्‍त हो गई हैं और उनका जीवन बेहतर हो गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि धलाई कभी पिछडा जिला माना जाता था लेकिन अब यह एक आकांक्षी जिला बन चुका है। देश के एक सौ दस आकांक्षी जिलों में यह दूसरे स्‍थान पर है। उन्‍होंने त्रिपुरा में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार चुनने के लिए राज्‍य के लोगों का आभार व्‍यक्‍त किया। श्री मोदी ने कहा कि पिछले चुनाव में उन्‍होंने राज्‍य के लोगों से राजमार्ग, इंटरनेट, रेल और हवाई सेवाओं की सौगात देने का वायदा किया था। इस दिशा में प्रयास जारी हैं। राज्‍य के हर गांव में आप्टिकल फाइबर नेटवर्क बिछाने का काम हो रहा है। सरकार त्रिपुरा को पूर्वोत्‍तर के अन्‍य क्षेत्रों के साथ जल मार्ग, सडक मार्ग और रेल मार्ग से जोडने का प्रयास कर रही है।

श्री मोदी ने कहा कि त्रिपुरा दक्षिण पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार बन रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने लोगों का जीवन बदल दिया है। इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने तीन लाख गरीब परिवारों के लिए पक्‍के मकान बनाए हैं। उन्‍होंने कहा कि मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी और कांग्रेस के शासन में राज्‍य के लोगों ने बहुत दुख उठाए, कहीं भी अच्‍छे अस्‍पताल नहीं थे और न ही लोगों के पास इलाज के लिए पैसे थे। उन्‍होंने कहा कि अब भाजपा के शासन में दो लाख से ज्‍यादा गरीब लोगों को आयुष्‍मान योजना का लाभ मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने गोमती जिले के उदयपुर में भी एक चुनावी सभा को संबोधित किया और राज्‍य में तेज विकास का वायदा किया। उन्‍होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने राज्‍य में सडक और रेल नेटवर्क विकसित करने का उल्‍लेखनीय काम किया है।

श्री मोदी ने कहा कि वाम दल और कांग्रेस के शासन में राज्‍य में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से लोगों का जीना दूभर हो गया था। उन्‍होंने आरोप लगाया कि दोनों ही दलों की सरकारों ने लोगों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्‍य की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार ने त्रिपुरा को एक नई पहचान दी है। अब यह राज्‍य पिछडा नहीं रह गया है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्‍य के साढे तीन लाख परिवारों को मुफ्त बिजली और चार लाख परिवारों को नल से जल उपलब्‍ध कराने का काम किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्‍य सरकार गरीबों, महिलाओं और जनजातीय लोगों का जीवन-स्‍तर सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि केंद्रीय बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 80 हजार करोड रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्‍होंने इसके साथ ही त्रिपुरा में सभी जरूरतमंद लोगों के लिए पक्‍के मकान का आश्‍वासन भी दिया।

इस बीच, कांग्रेस, वामदल, तृणमूल कांग्रेस, टिपरा मोथा पार्टी के नेता और निर्दलीय उम्मीदवार भी कई स्‍थानों पर रैलियों को संबोधित कर रहे हैं और घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

विपक्षी दलों के नेता भी जोर शोर से चुनाव प्रचार में लगे इनमें मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के वरिष्‍ठ नेता माणिक सरकार और प्रकाश करात भी शामिल हैं। आज बारजोला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री करात ने लोगों से वाम-कांग्रेस गठबंधन को वोट देने की अपील की। तृणमूल कांग्रेस की नेता सुष्मिता देव ने कैलाश सागर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। टिपरा मोथा पार्टी के प्रद्युत किशोर देबबरमा ने कल्‍याणपुर सहित कई स्‍थानों पर चुनावी सभाएं कीं।