अन्य

स्वास्तिक ने रचाई मेहंदी भाेले के नाम की, शिव− पार्वती के विवाह के गूंजे गीत

स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट ने महाशिवरात्रि के अवसर पर मेहंदी और संगीत का किया आयोजन

आगरा। है भाेलेनाथ की शादी हम तो नाचेंगे…तारे होंगे बाराती, चांदनी होगी रात, गौरा के हाथों में होगा शिव भाेले का हाथ….ढोलक की थाप पर बजते बधाई के गीत और हाथों रची शगुन की मेहंदी। महाशिवरात्रि पर शिव− पार्वती विवाह के अवसर पर स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा मेहंदी उत्सव का आयोजन किया गया।
16 फरवरी, दिन गुरुवार को अमर बाग, दयालबाग स्थित किरन लालवानी के निवास पर आयोजित मेहंदी उत्सव का आरंभ अध्यक्ष विनीता मित्तल द्वारा शिव पंचाक्षर स्तोत्र के पाठ के साथ हुआ। प्रेरणा सिंह ने आदियोगी शिव के योग पर अपने विचार रखते हुए कहा कि ध्यान के द्वारा शिवत्व को प्राप्त करना ही सही मायने में शिव साधना है। कोषाध्यक्ष श्वेता अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि 18 फरवरी को संस्था की सदस्य गाजियाबाद स्थित पावन चिंतन धारा आश्रम में रुद्राभिषेक करने जा रही हैं।

मीडिया समन्वयक तनु गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सत्य सनातन धर्म का अधिक से अधिक प्रचार कर युवा पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ना है। आयाेजन में निधि गाबा, शिखा गौतम, डॉ राधिका मित्तल, योगा एक्सपर्ट जानवी लालवानी, रागिनी गुप्ता, मोनिका बंसल, पूजा गुप्ता, पर्ल लालवानी, क्षमा दुबे आदि उपस्थित रहीं।