अन्य

आगरा मंडल द्वारा माल गाड़ियों के आदान प्रदान में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन



आगरा। मंडल यात्री सुविधाओं में निरंतर बढ़ोतरी के साथ-साथ माल यातायात के आवागमन में नए कीर्तिमान के साथ बढ़त बनाए हुए है। प्रमुख रूप से पासिंग थ्रू रेलवे होने के कारण आगरा मंडल पर ट्रेनों की गतिशीलता देश के समग्र रेल परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी क्रम में दिनांक 15.02.23 को मंडल द्वारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मंडल के इंटरचेंज पॉइंट से दूसरे मंडलो के साथ अब तक की एक दिन में सर्वाधिक 338 मालगाड़ियों का आदान-प्रदान किया है।

जो की पिछले रिकॉर्ड प्रदर्शन 27.03.2022 में 337 ट्रेनों से अधिक रहा यह कार्य सभी इन्टर चेंज पॉइंट एवं लाइन क्षमता के अधिकतम प्रयोग से संभव हुआ है I जिसमें दूसरे मंडलों के नियंत्रण कार्यालयों के बेहतर समन्वय और आगरा मंडल के अधिकारी और नियंत्रण कंट्रोलरो ने अहम भूमिका निभायी है। गाड़ियों के तीव्र आवागमन से व्यापार में वृद्धि, सीमेंट, कोयला के तीव्र परिवहन से आर्थिक व्यवस्था तथा इंफ्रास्ट्रक्चर आवश्यकताओं की पूर्ती तथा अन्य ट्रेनों के समयपालनता में वृद्धि तदनुसार देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होता है। बेहतर गतिशीलता के अतिरिक्त,आगरा मंडल प्रारम्भिक माल लदान के क्षेत्र में भी निरंतर सकारात्मक वृद्धि कर रहा है।


मंडल रेल प्रबंधक आनन्द स्वरूप ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और ट्रेनों की गतिशीलता को और बेहतर बनाने हेतु मालगाड़ियों की औसत गति की बारीकी से निगरानी और बढ़ाने हेतु निर्देशित किया। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय हर्षकेश मौर्य एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक /फ्रैट कुलदीप मीना द्वारा सभी कर्मचारी एवं खंड नियंत्रको के कार्य की सराहना की गई।