अन्य

गोलवरकर की जयंती पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को किया गया याद


संवाद/विनोद मिश्रा


बांदा। जिले के तिंदवारी कस्बे में सर संघ चालक माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर उर्फ गुरू जी की जयंती मनाई गई। उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।कस्बे के मालवीय सदन संतोषी नगर में राष्ट्र शक्ति समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी ने कहा कि विचार और आदर्श में एकता स्थापित करने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक गुरु जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और तपस्या से परिपूर्ण था।

वह देश को एक अखंड राष्ट्र मालिका में जोड़ने वाले देदीप्यमान सितारा थे। सदैव युवाओं को ज्ञान प्राप्ति, मानव कल्याण और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर मंडल कार्यवाह अमन गुप्ता ने कहा कि परम पूज्य गुरु जी ने संघ कार्य को गति प्रदान करने के साथ उसको अखिल भारतीय सुदृढ़, अनुशासित संगठन का रूप दिया।

उनका अध्ययन, चिंतन व उनके विचार इतने श्रेष्ठ थे, जिससे वह न सिर्फ युवाओं के लिए प्रेरणा पुंज बने बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरक पुंज व दिशा निर्देशक बन गए।
इस अवसर पर राष्ट्र शक्ति समिति के अध्यक्ष अमित तिवारी, महामंत्री दिवाकर त्रिपाठी, अरुण सिंह पटेल, आलोक गिरि, स्वदेश कुशवाहा, पुनीत मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।