राजनीति

2024 चुनाव में समाजवादी पार्टी अमेठी से उम्मीदवार उतारेगी दिए संकेत

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ रहे अमेठी क्षेत्र से अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार उतारने के संकेत दिये हैं। सपा अभी तक अमेठी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी उतारने से परहेज करती रही है।

अखिलेश ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘अमेठी में ग़रीब महिलाओं की दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी हुआ। यहां हमेशा ‘वीआईपी’ जीते और हारे हैं, फिर भी यहां ऐसा हाल है तो बाकी प्रदेश का क्या कहना। अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं, बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा। सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है।’’
अखिलेश ने ट्वीट के साथ अपने अमेठी के दौरे की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। अमेठी लोकसभा क्षेत्र अर्से से नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। सपा यहां से अपना प्रत्याशी खड़ा करने से परहेज करती रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पराजित किया था।


कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के नेता अजय राय ने हाल ही में कहा था कि राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव फिर से अमेठी से लड़ेंगे, जिसके साथ नेहरू-गांधी परिवार के पुराने संबंध हैं।