देश विदेश

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस

दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के घर रविवार सुबह दिल्ली पुलिस पहुंची है। दिल्ली पुलिस राहुल गांधी द्वारा दिए गए रेप पीड़िताओं को लेकर बयान के मामले में पूछताछ करने पहुंची है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी और डीसीपी भी राहुल गांधी के घर में ही मौजूद हैं।
स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर सागर प्रीत हुड्डा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास पर उन कथित यौन उत्पीड़न पीड़ितों के बारे में जानकारी मांगने के लिए पुलिस द्वारा दिए गए नोटिस के सिलसिले में पहुंचे, जिसका जिक्र उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने भाषण में किया था।

सागर प्रीत हुड्डा ने कहा, ‘हम यहां उनसे बात करने आए हैं। राहुल गांधी ने 30 जनवरी को श्रीनगर में बयान दिया था कि यात्रा के दौरान वह कई महिलाओं से मिले और उन्होंने बताया कि उनके साथ रेप हुआ है। हम कोशिश कर रहे हैं। उनसे जानकारी ली जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि हमारे लिए ये जानना जरुरी है कि क्या दिल्ली की कोई महिला थी जिसने राहुल गांधी को ये संदेश पहुंचाया। ये मामला बेहद गंभीर है। इसमें नाबालिग भी शामिल हो सकते है।

ये है मामला
बता दें की राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम दिन बयान दिया था कि महिलाओं के साथ आज भी यौन शौषण हो रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को नोटिस जारी कर सवाल किया था कि वो कौन सी महिलाएं हैं जिनके साथ यौन शौषण हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने इन महिलाओं की जानकारी राहुल गांधी से मांगी थी मगर उन्होंने इसका कोई जवाब नही दिया है। अब इस मामले में पूछताछ करने दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के घर पहुंची है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इसी महिलाओं का पता लगा कर उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे।
साभार – प्रभासाक्षी