अन्य

मंगल कलश लेकर निकलीं हज़ारो महिलाएं जगह-जगह हुआ स्वागत

आज से कोठी मीना बाजार में बहेगी ज्ञान की गंगा

कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाव, गूंजे जयकारे

आगरा। हम रामजी के रामजी हमारे है.., भज ले मन राम-राम-राम सियाराम… जैसे भजनों की धुन नाचती महिलाएं। आकर्षक झांकियां, बैंड बाजे व ढोल शहनाई की स्वर लहरियां। हाथों में मेहंदी, लाल व पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश उठाए महिलाएं। ये नज़ारा था रविवार को जयपुर हॉउस स्थित चिंताहरण मंदिर से श्रीराम सेवा समिति की ओर से पद्म विभूषण स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज की 3 अप्रैल से कोठी मीना बाजार पर शुरू होने जा रही श्रीराम कथा से पूर्व मंगल कलश यात्रा का। हाथ में भगवा झंडी, मुख पर राम का नाम लिए कलश यात्रा में शामिल करीब 7 हज़ार महिला व पुरुष श्रद्धालु कथा स्थल चित्रकूट धाम कोठी मीना बाजार पर जय श्रीराम का जयघोष करते हुए पहुंचे।

क्षेत्रवासियो ने छतो से देखा अद्भुत नजारा
कलश धारण कर जब हज़ारो महिलाएं मार्ग से निकली तो पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंग गया। जयपुर हॉउस के निवासियों ने घरो की छत से ये अद्भुत और आकर्षक नजारा अपने मोबाइल में कैद किया। शहर के पांच प्रमुख बैंड संग वानर सेना और झांकियो में सर्वप्रथम विघ्नविनाशक गणपति जी, शंकर जी, शेरोवाली माता, पंचमुखी हनुमान जी, विष्णु भगवान जी की झांकी, राधा-कृष्ण की झांकी, अंत में राम दरबार सभी को आकर्षित कर रही था।

ग्यारह दिन रखा रहेगा कलश
कलश यात्रा का जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संस्थाओ द्वारा पुष्प वर्षा के साथ स्वागत हुआ। सिर पर श्रीफल के साथ मंगल कलश लिए महिलाओ ने कथा स्थल पर पहुँच कर कलश को स्थापित किया। पंडित सुभाष चंद्र शास्त्री ने विधि-विधान के साथ कथा स्थल पर पूजन कराया और कहा कि यह कलश 11 दिनों तक कथा स्थल पर रखा रहेगा। मान्यता है कि कलश रखने वाले कथा में ना भी हो, तो भी कलश से उन्हें पुण्य का फल प्राप्त होता है। कलश यात्रा को पूरी व्यवस्था मंगलमय परिवार के सदस्यों ने संभाली।

शंकराचार्य करेंगे कथा का उद्द्घाटन
मुख्य आयोजक सांसद प्रो. राम शंकर कठेरिया और मुख्य यजमान धनकुमार जैन ने बताया कि सोमवार को बद्रिका आश्रम से जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज चित्रकूट धाम पहुँच कर कथा का उद्धाटन करेंगे। आज से 11 अप्रैल तक शाम चार बजे से सात बजे तक नगरवासी स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के मुख से श्रीराम कथा की अमृतवर्षा का रसपान कर पाएंगे। पुरे पंडाल को अध्यात्म के प्रतीक भगवा ध्वज से सजाया गया है। इस अवसर पर डॉ. मृदुला कठेरिया, शालिनी जैन, रेखा अग्रवाल, सपना जैन, पायल जैन,निधि बंसल, अनुभूति जैन, वंदना अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, भावना कुमारी, पूजा बंसल, नेहा अग्रवाल, कुसुम महाजन, स्वेता अग्रवाल, ममता शर्मा आदि मौजूद रहे।