देश विदेश

बी.एस. येदियुरप्पा ने लक्ष्मण सावदी और जगदीश शेट्टर के कांग्रेस में शामिल होने पर कड़ी आपत्ति जताई

बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने लक्ष्मण सावदी और जगदीश शेट्टर के पार्टी छोड़ने के निर्णय और विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल होने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
बेंगलुरू में आज मीडिया को संबोधित करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले दोनों नेताओँ ने पार्टी, मतदाताओं और अपनी विचारधारा के साथ धोखा किया है। लक्ष्मण सावदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने सावदी को कई अवसर प्रदान किये और उन्हें मंत्री, उपमुख्यमंत्री और कोर समिति का सदस्य बनाया लेकिन इसके बदले उन्होंने पार्टी को गहरी चोट पहुंचाई है।
जगदीश शेट्टर के बारे में उन्होंने बताया कि केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान स्वंय शेट्टर से व्यक्तिगत रूप से मिले थे और उनके परिजनों को टिकट देने, राज्यसभा की सीट देने और केन्द्रीय मंत्री बनाये जाने की पेशकश की थी। जगदीश शेट्टर ने सभी पेशकश खारिज कर दीं। श्री येदियुरप्पा ने कहा कि पार्टी युवा नेताओंं को अवसर देना चाहती है और वरिष्ठ नेताओं को इसके लिए मार्ग प्रशस्त करना होगा। उन्होंने बताया कि जगदीश शेट्टर जनसंघ के समय से पार्टी के साथ रहे है और उन्हें पार्टी अध्यक्ष, नेता विपक्ष और मुख्यमंत्री बनाया गया था। इतने अवसरों के बाद जगदीश शेट्टर का टिकट नहीं मिलने पर पार्टी छोड़ने का फैसला अक्षम्य है।