उत्तर प्रदेश

आगरा नगर निगम चुनाव में 100 वार्ड के लिए 510 प्रत्याशी मैदान में,दो निर्विरोध निर्वाचित

आगरा। आगरा नगर निगम के 100 वार्ड के लिए चुनाव होने थे लेकिन दो निर्विरोध निर्वाचित होने से कुल 98 पार्षदों का चुनाव जनता द्वारा किया जाएगा। 98 पार्षदों चुनाव के लिए 510 प्रत्याशी मैदान में है। पार्षद पद के लिए 50 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए।
नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 12 प्रत्याशियों ने जबकि 35 सदस्य ने अपना पर्चा वापस लिया। नगर पंचायत मे अध्यक्ष पद के 6 दावेदार और सदस्य के 38 पर्चे वापस लिए गए। नगर निगम, पालिका और पंचायत चुनाव में 141 नाम वापस लिए गए।
नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया हुई। नगर निगम में नाम वापस लेने वाले प्रत्याशी पहुंचे। इसमें अधिकांश वो प्रत्याशी थे, जिन्होंने डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। कुछ प्रत्याशी ऐसे भी थे, जिन्होंने किसी दूसरे प्रत्याशी के समर्थन में अपना पर्चा वापस लिया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद आगरा में 100 वार्ड में सभी दल और निर्दलीय मिलाकर 562 पार्षद प्रत्याशी मैदान में थे। मगर, गुरुवार को 50 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया, जबकि दो प्रत्याशियों को निर्विरोध चुना गया। ऐसे में अब 510 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड 60 नरायच पूर्व में हैं। यहां से 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इसमें भाजपा, सपा, बसपा, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी समेत निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके बाद वार्ड 62 सरला बाग से 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे कम प्रत्याशी वार्ड 94 कमला नगर से केवल एक हैं। ऐसे में वार्ड 94 में चुनाव की जरूरत नहीं पड़ेगी।

नामांकन पत्रों की जांच में पार्षद पद के लिए 14 पर्चे निरस्त कर दिए गए हैं। इसमें बसपा और सपा के एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं। वार्ड 65 से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र वर्मा का पर्चा खारिज हुआ है। प्रत्याशी ने पर्चा निरस्त करने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने दो सेट में पर्चा दाखिल किया था। जांच का समय 19 अप्रैल तक था, लेकिन उनको बिना कोई सूचना दिए उनका पर्चा 18 अप्रैल को ही खारिज कर ऑनलाइन कर दिया गया।

उनसे शपथ पत्र न होने की बात कही गई है, जबकि उन्होंने शपथ पत्र दाखिल किया था। उनका कहना है कि वो इसके खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे। वहीं, ईदगाह वार्ड से सपा प्रत्याशी आयुष, वार्ड 84 कावेरी कुंज से बसपा प्रत्याशी अजय शाक्य का पर्चा खारिज हुआ है। वार्ड 27 से निर्दलीय प्रत्याशी मुन्ना का नामांकन अनापत्ति पत्र न दिए जाने पर खारिज कर दिया गया है