उत्तर प्रदेश

बांट कर खाएंगे तभी जीवन काे सही दिशा दे पाएंगेः आनंद पुरुषार्थी 

  महर्षि दयानंद सरस्वती 200 वीं जन्म जयंती वर्ष कार्यक्रम श्रंखला में हुआ केंद्रीय कारागार में वैदिक सत्संग
 अन्तर्राष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता आचार्य आनंद पुरुषार्थी ने बंदियों को दिया आदर्श जीवन जीने का मंत्र, भेंट की पुस्तकें
 आचार्य आनंद पुरुषार्थी ने की घाेषणा आर्य समाज पढ़ाएगा कैदियों के बेटा− बेटी को अपने गुरुकुल में 
आगरा। केंद्रीय कारागार आगरा में महर्षि दयानंद सरस्वती की 200 वीं जन्म जयंती वर्ष कार्यक्रम श्रंखला में वैदिक सत्संग आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अन्तर्राष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता आचार्य आनंद पुरुषार्थी ने बंदियों को आदर्श जीवन जीने के मंत्र दिए। 
 केंद्रीय कारागार में आयोजित कार्यक्रम का आरंभ वैदिक मंत्रों के साथ हुआ। वैदिक प्रवक्ता आनंद पुरुषार्थी ने सलाखाें के पीछे सजा काट रहे बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन जीने की कला सीखनी है तो मूक प्राणियों से सीखिए। मुर्गे से बांट कर खाने की आदत, कौए से अच्छी चीजों के संग्रह करने की आदत, गधे से मेहनत जैसे गुण मनुष्य यदि आत्मसात कर ले तो उसका जीवन सरल और सुगम बन जाए। उन्होंने तुम ठहरे रहे झील के पानी की तरह, दरिया बनते तो आगे बढ़ सकते थे…जैसी पंक्तियों से बंदियों को अपना अतीत भुलाकर जीवन को नये सिरे से जीने के लिए प्रेरित किया। डीआईजी आरके मिश्रा ने कहा कि पानी को कोई जल कहता है तो कोई आब कहता है लेकिन पानी तो पानी ही रहता है। इसलिए धर्म के मर्म को समझना है तो निरपेक्ष सोच रखनी होगी। मनोज खुराना ने कहा कि धर्म का मर्म समझने के लिए कर्म करना होगा। जिला सभा प्रधान एडवोकेट विजय पाल सिंह चौहान ने कहा जहां से भी अच्छा ज्ञान मिले ले लेना चाहिए। प्रेमा कनवर ने सबके गुण, गलतियां अपनी देखा करो गीत गाया। एक मुस्लिम बंदी ने हम तो सब शान बान वाले हैं, हम तो गीता− कुरान वाले हैं, गीत की प्रस्तुति दी। वैदिक सत्संग के बाद कारागार के पुस्तकालय के लिए आर्य समाज की आदर्श पुस्तकें भेंट की गयीं और पेठे का वितरण बंदियों के मध्य किया गया। इस अवसर पर जेलर आलोक सिंह, विशाल भारद्वाज, साक्षी चौधरी, मंत्री आर्य समाज नाइ की मंडी अनुज आर्य, वीरेंद्र कनवर, सुभाष अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, राकेश तिवारी, दीपक अग्रवाल, रामशरण जैन, संदीप शर्मा, राजदीप ग्रोवर, विनीता जादौन, आनंद शर्मा, भारत भूषण सामा आदि उपस्थित रहे।   
आर्य समाज  पढ़ाएगे बंदियों के बच्चों को 
विश्व के करीब 15 देशाें में वैदिक सत्संग कर चुके प्रवक्ता अचार्य आनंद पुरुषार्थी ने कार्यक्रम के दौरान घाेषणा की कि आर्य समाज अपने गुरुकुल में बंदियों के पांचवी पास होनहार बच्चों को शिक्षित करेगा। इसके अलावा यदि कोइ भी अपने बच्चों को सनातन शिक्षा में शिक्षित एवं संस्कारित करना चाहता है तो वो उनसे संपर्क कर सकता है। बच्चों को आदर्श गुरुकुल में शिक्षा दी जाएगी। 
आज होगा महात्मा हंसराज जयंती महोत्सव
जन्म जयंती वर्ष कार्यक्रम श्रंखला के अन्तर्गत 23 अप्रैल 2023, दिन रविवार को सुबह साढ़े सात बजे से महात्मा हंसराज जयंती महोत्सव डीएवी इंटर कॉलेज, मोती कटरा पर आयोजित होगा। महोत्सव का आरंभ वैदिक हवन के साथ होगा। जिसके बाद ध्वजारोहण, सत्संग एवं प्रसादी होगी।