उत्तर प्रदेश

13 वें स्थापना दिवस पर आशियाना महिला समिति ने किया पांच महिलाओं का “आशियाना श्री” सम्मान

  नारी सशक्तिकरण व महिला स्वरोजगार के लिए विगत 12 वर्षों से कार्यरत है आशियाना महिला समिति
  रश्मि मगन, नमृता मिश्रा, रेनू, राजश्री मिश्रा और तपस्या बंसल का किया गया आशियाना श्री सम्मान
आगरा। नारी सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत आशियाना महिला समिति ने नारी सम्मान के साथ आयोजित किया 13 वा स्थापना दिवस।
27 अप्रैल 2023 दिन गुरुवार को ताज रोड स्थित होटल क्लार्क शिराज में आशियाना महिला समिति ने 13 वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरूषी मिश्रा डिप्टी डीएफओ, संस्थापक अध्यक्ष डॉ सरोज प्रशांत, संरक्षिका शारदा गुप्ता, कोषाध्यक्ष अर्निमा भार्गव, बीना पोद्दार, माया श्रीवास्तव, मनोज बल आदि ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। सचिव मंजू मित्तल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। 
अध्यक्ष डॉ सरोज प्रशांत ने बताया कि आशियाना महिला समिति की स्थापना 2012 में महिला सशक्तिकरण, नारी चेतना, नारी अधिकार के ध्येय के साथ की गई थी। तभी से लगातार हर वर्ष विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार शिविर में सिलाई, ब्यूटीशियन, दौना मेकिंग, सैनिटरी नैपकिन मेकिंग जैसे कोर्स करवाकर महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जा रहा है। संस्था द्वारा अब तक 850 महिलाओं को सिलाई में निपुण किया जा चुका है। इसके अलावा करीब 400 महिलाओं व युवतियों को ब्यूटीशियन कोर्स, 1000 से अधिक महिलाओं और युवतियों को अन्य रोजगार परक कोर्स महिलाओं को करवाए जा चुके हैं। इनमें से सैकड़ों महिलाएं आज स्वावलंबन के रास्ते पर बिना किसी बाधा के निरंतर अग्रसर हैं। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। समय-समय पर पौधरोपण एवं जल संरक्षण जैसे कार्य किए जाते हैं। सर्दियों में गरीबों की निरंतर सेवा विभिन्न रूप में की जाती है। शिक्षा से दूर समाज तक अक्षर ज्ञान पहुंचाने का कार्य समिति द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में अपना परचम लहरा चुकीं शहर की नामचीन महिलाएं रश्मि मगन, नम्रता मिश्रा, रेनू रावत, राजश्री मिश्रा एवं तपस्या बंसल को “आशियाना श्री” सम्मान से सम्मानित किया गया। एक पहल पाठशाला की छात्राओं ने शिक्षा पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर ममता बंसल, रेखा अग्रवाल, सरोज गालव, सीमा शर्मा, आरती मल्होत्रा, प्रमिला चावला, कामिनी निगम, इंदु जैन आदि उपस्थित रहीं।