मनोरंजन

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई शाम 6 बजे दिल्ली में

नई दिल्ली। हिन्दी फिल्म अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की सगाई शनिवार शाम 6 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस के कपूरथला हाउस में होगी। कार्यक्रम सिखों के पवित्र सुखमनी साहिब के पाठ से शुरू होगा। इसके बाद अरदास (प्रार्थना) होगी। सगाई समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा समेत 100 गेस्ट शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिणीति पेस्टल लहंगा पहनेंगीं। इसे फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने बनाया है। ई-टाइम्स के साथ बात करते हुए राघव के मामा और डिजाइनर पवन सचदेवा ने बताया कि राघव को कढ़ाई वाले कपड़े पसंद नहीं है। उनके कपड़े को क्लासी और स्टाइलिश रखने के लिए क्रीम कलर की अचकन तैयार की गई है।
गौरतलब हो कि राघव चड्‌ढा पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। वो आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के काफी खास माने जाते हैं। वो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।