अन्य

अज्ञात कारणों से शादी वाले घर में लगी आग:गृहस्थी और दहेज का सामान राख, छह झुलसे


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। अतर्रा थाना क्षेत्र के हड़हा कबौली गांव में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें गृहस्थी और दहेज का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
ब्लॉक महुआ के अंतर्गत ग्राम हड़हा कबौली निवासी दशिया की इकलौती पुत्री पुष्पा की बरात रविवार को आनी थी।
घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। शनिवार रात मातृ पूजन व अन्य कार्यक्रम होने के बाद रिश्तेदार-परिजन सो गए। देर रात को अज्ञात कारणों के चलते घर में आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते उसके पहले ही आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया।


धुंआ देखकर जगे परिजनों ने आनन-फानन घर से बाहर निकल कर जान बचाई। इसके बाद घर में रखा गृहस्थी का सामान को बचाने के प्रयास में परिवार के श्यामबाबू, राकेश, दिलीप, छिद्दू, सहित दो अन्य लोग झुलस गए। उन्हें नजदीकी प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।


जब तक आग पर काबू पाया गया सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। दशिया के अलावा आग ने पड़ोसी असलम खान, अकरम, शफीक, बीरबक्स, रामस्वरूप के मकानों की गृहस्थी भी खाक कर दी। ग्रामीणों मशक्कत से करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मी भी आग बुझाने में लगे रहे।