जीवन शैली

श्री प्रेमनिधि मंदिर में खिचड़ी मनोरथ पर दिए ठाकुर जी ने अभयंग स्नान कर दर्शन 

  प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि मंदिर में हुआ खिचड़ी मनोरथ उत्सव  
आगरा। मोहन श्याम मनोहर मूरति करत विहार नित व्रज वृंदावन…तिल− खिचड़ी उत्सव विशेष पदगान, प्रभु का अभयंग स्नान और सुंदर साज श्रंगार के साथ दर्शन। जैसे भक्त हो रहे हों भक्ति में मगन। ऋतु परिर्वतन की झांकी को दर्शाता मनोरथ उत्सव आयोजित किया श्री प्रेमनिधि मंदिर में।
कटरा हाथी शाह, नाई की मंडी स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुरुषाेत्तम मास के अवसर पर चल रहे मनोरथ में खिचड़ी उत्सव मनाया गया। चरण सेवक पवन वर्मा थे। मुख्य सेवायत पंडित हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि खिचड़ी उत्सव मकर संक्रांति पर मनाया जाता है। अधिकमास मनोरथ में इस उत्सव को मनाकर संदेश दिया गया कि पुष्टि संप्रदाय में भक्त भगवान से उसी प्रकार निकटता प्राप्त कर सकता है जिस प्रकार तिल अथवा खिचड़ी में सभी प्रदार्थ एकाकार हो जाते हैं। पंडित सुनीत गोस्वामी और पंडित दिनेश दीक्षित ने बताया कि ठाकुर जी के सन्मुख पतंग उड़ाने के पद कान्ह अटा चढ़ि चंग उड़ावत हो, अपुने आंगन हू ते हेराे..आदि गाए गए। पंडित आशीष बल्लभ पचौरी ने बताया कि शुक्रवार को मनोरथ श्रंखला में यमुना पूजन होगा। जिसमें सुबह छह बजे यमुना किनारा स्थित यमुना आरती स्थल पर मां कालिंदी की मंगला आरती की जाएगी। इसके बाद सायं छह बजे से मंदिर में सुहागिन महिलाएं यमुना मैया की पूजा करेंगी एवं छप्पन भाेग के दर्शन होंगे। खिचड़ी उत्सव में एमएलसी विजय शिवहरे, विजय गोयल, अखिलेश उपाध्याय, महेंद्र धाकड़, विजय सिंघल, गंगा धाकड़, पवन अग्रवाल, निधि तिवारी, तनु गुप्ता, राजवीर धाकड़, निहाल सिंह धाकड़, अन्नू बल्लू, प्रकाश धाकड़, सचेंद्र शर्मा, कुलभूषण गुप्ता आदि उपस्थित रहे।