उत्तर प्रदेश

करत गोपाल यमुना जलक्रीड़ा, सुरनर असुर थकति भये देखत बिसर गयी तनमन जिय पीड़ा..

प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि मंदिर में हुआ यमुना पूजन संग स्नान यात्रा मनोरथ उत्सव

आगरा। भक्ति, समर्पण और सेवा का अनूठा रूप देखने को मिला कटरा हाथी शाह, नाई की मंडी स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि मंदिर में। नंदबाबा द्वारा जब ठाकुर जी का राज्याभिषेक किया गया तो हर घर से भर− भर थाली पकवान आए। उत्साह और आनंद का यही भाव श्री प्रेमनिधि मंदिर के स्नान यात्रा मनोरथ में भी दिखा। पुरुषाेत्तम मास के उपलक्ष्य में चल रहे मनोरथ उत्सव कार्यक्रमों की श्रंखला में शुक्रवार को स्नान यात्रा संपन्न हुयी। कार्यक्रम के अन्तर्गत सर्वप्रथम ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी मंगला आरती के बाद एत्माद्दौला व्यू पॉइंट से मां यमुना की आरती के लिए हरिमोहन गोस्वामी, सुनीत गोस्वामी, दिनेश पचौरी, आशीष बल्लभ पचौरी, सुरेश पचौरी, रानू, विशाल, धर्मेंद्र कुमार, पंकज अग्रवाल, नरेश उपाध्याय, अमित शर्मा, सरदार सिंह धाकड़ आदि भक्तगण पहुंचे, जहां श्री यमुना मैया की आरती, पूजन, यमुनाष्टक पाठ व दुग्धाभिषेक किया गया। तत्पश्चात मंदिर में सायंकाल भव्य दर्शन एवं यमुना मैया को छप्पन भाेग अर्पित किये गए। मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी के राज्याभिषेक की खुशी में सभी भक्तगण अपने− अपने घर से पकवानों की थाली लेकर आए, जोकि छप्पन भाेग के रूप में ठाकुर जी को परोसी गयीं। पंडित सुनीत गोस्वामी और पंडित दिनेश पचौरी ने बताया कि श्री ठाकुर जी को गद्य मंत्र एवं तुलसी जी का भाेग लगाया गया। ठाकुर जी काे स्नान के बाद सफेद पिचौड़ा, जिस पर केसर या चंदन की छपायी थी और सफेद कुलेह का जोड़ा धारण करवाया गया। मोती, चांदनी और सिपियों के आभूषण ठाकुर जी अर्पित किये गए। पंडित आशीष बल्लभ पचौरी ने बताया कि स्नान यात्रा में ठाकुर जी के समक्ष घंटा, मृदंग और तंबूरा के संग कीर्तन किया गया। शनिवार को मंदिर में गोपाष्टमी मनोरथ होगा।