जीवन शैली

नीतू के सिर सजा हरियाली तीज क्वीन का ताज

माथुर वैश्य केंद्रीय महिला मंडल ने आयोजित किया हरियाली तीज उत्सव
देशभर के 165 महिला मंडलों से पहुंचीं सदस्याओं ने लिया तीजोत्सव का आनंद

आगरा। राधे झूलन पधारो, घिर आये बदरा…झूला तो पड़ गयो अमुवा की डाल पे री…जैसे सावन के मल्हारों संग माथुर वैश्य केंद्रीय महिला मंडल ने आनंद लिया तीजोत्सव का। पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन में आयोजित शिव महापुराण कथा आयोजन के समापन संग तीजोत्सव का आयोजन सोमवार को किया गया था। केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष दीपिका डॉ प्रवीन गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी हर महिला ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए तीजोत्सव मनाया। परिसर को मायके का रूप देते हुए सभी का स्वागत किया गया। एक ओर पड़े झूले तो दूजी ओर हाथाें में मेहंदी सजाती सखियां। हरित परिधानों में सजी संवरी सदस्याएं जब रैंप पर उतरीं तो जैसे धरा धानी चूनर ओढ़े नजर आयी। नीतू मनोज के सिर हरियाली क्वीन का ताज सजाया गया। रेखा राकेश और चंचल प्रमोद द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।विविध प्रतियोगिताओं और व्यजनों का सदस्याओं ने लुत्फ लिया। निर्णायक की अहम भूमिका अलका सिंह, अंतरा घोष, भावना शर्मा और नीरू रजनी चाहर ने निभाई। इस अवसर पर डॉ मधुरिमा दिनेश, कमलेश अशोक, शशि, नीलम, शाेभा, शालिनी, कमलेश, रीता, गीता, अनीता, राधा, कंचन, अवनीश, रूपम, अनीता, कामना, नीरा, शालिनी आदि ने व्यवस्था संभाली।